स्टेट बैंक के बाहर अज्ञात युवक द्वारा पैसे जमा करवाने जा रहे मजदूर को बेहोश कर हजारों की नगदी पर हाथ साफ करने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि बैंक के बाहर बेसुध हालत में मिले मजदूर की सूचना परिजनों को मिली और उसके बाद उसे कैंट सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
उधर, अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान मजदूर की बिगड़ती हालत को देखते हुए चंडीगढ़ अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टर के अनुसार मजदूर की किसी जहरीली दवाई के संपर्क में आने से तबीयत बिगड़ चुकी थी और इसी को देखते हुए रेफर किया गया। जानकारी देते हुए पीड़ित गांव तेपला निवासी लखन के परिजनों ने बताया कि वह एक प्राइवेट फैक्ट्ररी में काम करता है और मंगलवार को बैंक में करीबन 25 हजार रुपये की राशि जमा करवाने के लिए गया था। उसके बाद काफी समय बाद उन्हें अज्ञात व्यक्ति से सूचना मिली कि लखन बेसुध हालत में सड़क किनारे पड़ा हुआ है और जब मौके पर पहुंचे तो देखा उसके जेब से नगदी गायब थी। इस संबंध में आसपास के लोगों से जानकारी ली तो पता चला कि वह बैंक में दाखिल ही नहीं हो पाया था। इलाका पुलिस ने सूचना पाकर मौके का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी।