बीते रविवार को कैंट के अशोक नगर में हुए डबल मर्डर में पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट तो मिल गई, लेकिन अब पुलिस को विसरा रिपोर्ट का इंतजार है। इस रिपोर्ट के बाद ही कुछ अन्य तथ्य साफ होंगे, जबकि फिलहाल पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं।
उल्लेखनीय है कि अशोक नगर में हुए बुजुर्ग दंपति के मर्डर के बाद सीन आफ क्राइम को कोई खास सबूत हासिल नहीं हुए थे। मौके पर एसपी ने इस घटना की जानकारी ली थी। अभी तक पुलिस के लिए यह एक पहेली बनी हुई है कि आखिर हत्यारे कैसे घर में घुसे, जबकि घर में बांधा गया डॉग तक ने आवाज नहीं की। इतना ही नहीं घर से ऐसा कोई सुराग हाथ नहीं लगा है जिससे पता चल सके कि कैसे हत्यारे इस घर में घुसे।
उधर, बुधवार को डाक्टरों के पैनल ने इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि तेजधार हथियार से काफी गहरे घाव किए गए थे। इसी मामले में अब पुलिस ने शवों का विसरा जांच के लिए मधुबन लैब में भेजा है। यहां से रिपोर्ट आएगी, जिसके बाद कुछ और जानकारियां पुलिस को मिलेंगी, जिससे मामले का खुलासा हो सकता है। फिलहाल हत्या के चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। एसएचओ महेश नगर सुभाष का कहना है कि विसरा रिपोर्ट का इंतजार है, जबकि फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।