नागरिक अस्पताल में विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस की पूर्व पार्षद और वर्तमान में हरियाणा जनचेतना पार्टी की वार्ड छह से प्रत्याशी रही 55 वर्षीय अमरजीत कौर सोढी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं उसकी हत्या के बाद हत्यारोपी ने खुद को भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मृतक अमरजीत कौर रामनगर के मकान नंबर 22 में रहती थी।
घटना बलदेव नगर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के मकान नंबर 846 में हुई। वह अपनी सहेली पुष्पा रानी से मिलने गई थी। करनाल के अमृतनगर खुर्द का रहने वाला हत्यारोपी ईशम सिंह भी वहीं पहुंच गया। बिजनेस व निजी कारणों के चलते यहां दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद ईशम सिंह ने अमरजीत कौर सोढी के सिर और पैर पर गोली मारने के बाद अपने मुंह में कुछ जहरीला पदार्थ रखा था। इसके पहले अपने पैर और फिर सिर में गोली मार ली।
मृतक का फाइल फोटो।
अचानक हुई इस घटना से कॉलोनी में हड़कंप मच गया। पुष्पा देवी के परिवार ने पहले अमरजीत कौर को सरकारी एंबुलेंस बुलाकर शहर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। करीब आधे घंटे बाद दूसरी एंबुलेंस में ईशम सिंह को भी नागरिक अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। करीब 10 मिनट चले उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के लिए शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। सोमवार को आगामी कार्रवाई की जाएगी।
ईशम सिंह ने पहले अमरजीत कौर को गोली मारी और इसके बाद उसी तरह खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौत हो चुकी है। दोनों परिवारों में पारिवारिक और व्यापारिक संबंध रहे हैं। हत्या के सही कारणों का तफ्तीश के बाद ही खुलासा हो पाएगा। - हमीर सिंह, इंस्पेक्टर बलदेव नगर थाना।