अवैध खनन से बड़ी लाइन के टावर गिरने का खतरा, दी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। पाबंदी के बावजूद क्षेत्र और नदियों में मशीनों द्वारा अवैध खनन जारी है। गांव डेरा की सरकारी जमीन पर खनन माफियाओं द्वारा अवैध खनन से बड़ी लाइन के गिरने का खतरा होने पर जमीन मालिकों ने उपायुक्त, एसडीएम, खनन अधिकारी व एसएचओ नारायणगढ़ को शिकायत दी है। हरजिन्द्र सिंह निवासी हल्लोमाजरा (चंडीगढ़) ने शिकायत देकर आरोप लगाया कि उनकी जमीन डेरा मौजा में है। उनकी जमीन के साथ लगती केंद्र सरकार की जमीन खाली पड़ी है। उस जमीन पर धड़ल्ले से खनन माफियाओं द्वारा जेसीबी मशीनों से अवैध खनन का कार्य चल रहा है। उस जमीन के साथ स्टेट की बड़ी लाइन का टावर भी लगता है। इस अवैध खनन से टावर गिरने का खतरा बना हुआ है। यह नहीं अपनी जमीन पर भी अवैध खनन का खतरा बना हुआ है। इसपर उन्होंने उन खनन माफियाओं से बातचीत की, लेकिन उन्होंने उल्टा धमकी तक दी है कि यह खनन चलेगा तुम से जो होता है कर लो। इस पर उन्होंने सभी प्रशासन को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग रखी। इसी तरह मारकंडा नदी में पोपलाइन मशीन से धड़ल्ले से अवैध खनन चल रहा है। जिससे 50-50 फुट के गड्ढे कर दिये गये हैं। इस कारण नदी का स्वरूप तक बदल कर रख दिया है। इस अवैध खनन पर कोई प्रशासन व खनन विभाग की नजर नहीं है या यूं कहे कि वह जानबूझकर अनदेखा किया जा रहा है। बारिश के समय बाढ़ का खतरा बन जाता है।