पढ़ाई में नहीं लग रहा था मन, परिजनों को बिना बताये छात्रा रिश्तेदार के घर पहुंची
-परिजनों के पढ़ाई को लेकर दबाव बनाने से परेशान थी छात्रा
-जगाधरी रोड स्थित डीएवी स्कूल जाने के लिए निकाली थी घर से
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। जगाधरी रोड स्थित डीएवी स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा का पढ़ाई में मन नहीं लगा तो वह परिजनों को बिना बताए रिश्तेदारी में चली गई। मामले की शिकायत परिजनों ने मंगलवार को पुलिस को दी थी। पुलिस की छानबीन में छात्रा चंडीगढ़ के हल्लो माजरा क्षेत्र में रिश्तेदार के यहां मिली। छात्रा के सही सलामत मिलने पर रिश्तेदारों ने चेन की सांस ली है।
मंगलवार शाम बोह निवासी महिला ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी बेटी सुबह स्कूल के लिए घर से निकली थी। मगर दोपहर तक उसकी बेटी वापस नहीं आई। इसके बाद उन्होंने उसकी तलाश आरंभ की, मगर उसका कहीं पर अता पता नहीं चला। महिला ने पुलिस को अपहरण करने की आशंका जताई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले में छानबीन आरंभ की। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली की छात्रा चंडीगढ़ में अपने रिश्तेदारों के पास पहुंची गई है। इसके बाद छात्रा को चंडीगढ़ से वापस अंबाला लाया गया। रेजिमेंट चौकी इंचार्ज बलवंत राय ने बताया कि छात्रा का पढ़ाई में मन नहीं लग रहा था और परिजन उसे पढ़ाई के लिए दबाव बना रहे थे। इसी वजह से वह अपने रिश्तेदारों के पास चली गई थी। छात्रा को अब परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।