बेटा ही निकला मां-बाप का हत्यारा
अंबाला कैंट।
साहा में सेना के रिटायर्ड ऑनरी कैप्टन दीवान सिंह और उनकी पत्नी सुरिंद्र कौर की हत्या की साजिश उनके बड़े बेटे राजू ने ही रची थी। वह मां-बाप से इस वजह से नाराज रहता था क्योंकि वह छोटे बेटे को आर्थिक मदद ज्यादा देते थे और उसके साथ ज्यादा समय रहते थे। बताया जाता है कि राजू मां-बाप से प्रापर्टी भी लेना चाहता था। इस वजह से उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर मां-बाप की हत्या कर दी।
सीआईए टू स्टाफ ने इस पूरे मामले का खुलासा किया है। मामले की जांच सीआईए टू स्टाफ को सौंपी गई थी और शक के आधार पर राजू से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उसने खुलासा किया। वारदात के बाद पुलिस ने जब अलग-अलग रिश्तेदारों से पूछताछ की तो सभी ने पुलिस को यही जानकारी दी कि राजू अक्सर मां-बाप से लड़ता रहता था और इस बात से नाराज रहता था कि छोटे बेटे को मां-बाप ज्यादा तरजीह देते हैं। इसके बाद राजू से पुलिस ने पूछताछ की और उससे घटना वाले दिन के बारे में पूछा गया। पहले राजू ने पुलिस को बताया कि वह देहरादून अपने निवास पर ही था और कुछ समय के लिए बाहर गया था। वहां राजू ऑटो चलाता था। मगर पुलिस ने जब राजू की पत्नी से अलग से पूछताछ की तो उसकी पत्नी के दिए गए बयान राजू के बयान से अलग निकले। इसके बाद राजू से जब सख्ती से पूछताछ हुई तो पूरी वारदात का खुलासा हुआ। राजू ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ कुछ दिन पहले बाइक पर साहा आया था। घर में आते ही उसका पिता दीवान सिंह से विवाद हो गया। उसने घर में ही पड़ी हथौड़ी पिता के सिर पर मारी। बीच बचाव करने मां आई तो उसने व उसके दोस्त ने मां पर भी हथौड़ी व डंडों से वार किया। इसके बाद दोनों का गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई। इसके बाद घर के बाहर वह ताला लगाकर मौके से भाग निकले। सीआईए टू के प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप मोर ने बताया कि आरोपी राजू को रविवार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर उसे रिमांड पर लिया जाएगा।