चंडीगढ़ जा रही बस में चढ़ने पर विवाद, कंडक्टर ने सवारी को जड़े थप्पड़
फोटो नंबर-----38
डेराबस्सी जाना था युवक को, लालकुर्ती पुलिस चौकी में दी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। चंडीगढ़ जा रही हरियाणा रोडवेज की बस में चढ़ने पर कंडक्टर ने युवक के साथ मारपीट की। यही नहीं बस की फोटो खींचने पर थप्पड़ भी जड़ दिए। युवक ने इसकी शिकायत लालकुर्ती पुलिस चौकी में दी है।
बता दें कि ओरी चौधरी की मंडी निवासी अमनदीप ने बताया कि वह डेराबस्सी में जाकी कंपनी में मार्केटिंग का काम करता है। रोज की तरह वह शनिवार सुबह नौ बजे डेराबस्सी जाने के लिए बस स्टैंड के बाहर पुल के नीचे खड़ा था। उसी दौरान चंडीगढ़ जाने के लिए हरियाणा रोडवेज की बस आई और वह चढ़ने लगा। कंडक्टर के पूछने पर जब डेराबस्सी जाने के लिए बताया तो उसने मना कर दिया। युवक ने जब कहा कि बस डेराबस्सी होकर जाएगी तो क्यों नहीं बैठने दिया जा रहा। हैंडल नहीं छोड़ने पर कंडक्टर ने धक्का दे दिया। जब युवक बस की फोटो लेने लगा तो कंडक्टर उतरकर आया और धक्कामुक्की की। इस दौरान उसका मोबाइल जमीन पर गिर गया और उसका स्क्रीन गार्ड टूट गया। इसके बाद युवक बस का नंबर नोट करने लगा तो किसी ने कंडक्टर को सूचना दी। वह आया और उसे थप्पड़ जड़ दिए। वहां मौजूद होमगार्ड को कहने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो लालकुर्ती चौकी में शिकायत दी है।