अंबाला कैंट। बस स्टैंड के निकट स्थित एक ढाबा मालिक को उसी के नौकर ने चूना लगा दिया। मौका पाकर नौकर ढाबा मालिक के घर से तीन लाख रुपये नकदी और अन्य कागजात चोरी करके ले गया। बाहर से वापस लौट जब मालिक ने घर में सामान बिखरा देखा तो नौकर को संपर्क किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। मामले की शिकायत लालकुर्ती चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
शिकायत में लालकुर्ती निवासी विशाल अत्री ने बताया कि उसके पास करीब 11 वर्षों से सरवेश कुमार उर्फ लखा नाम से नौकर काम कर रहा था। वह मूलरूप से नवाब गंज बांराबकी का निवासी है। विशाल ने बताया कि दस अप्रैल को वह अपनी पत्नी प्रीति के साथ अपने ससुराल खन्ना में किसी कार्य के लिए गए थे। देर शाम जब वह घर वापस लौटे तो पाया कि घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी भी खुली पड़ी थी। विशाल ने कहा कि इसके उपरांत उन्होंने अपने नौकर सरवेश को जब फोन मिलाया तो वह बंद मिला। उसका कहीं अता पता भी नहीं लग रहा। अलमारी में तीन लाख नकदी एवं अन्य कागजात थे जोकि गायब हैं। विशाल की शिकायत पर लालकुर्ती पुलिस ने सरवेश के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।