रोडवेज बस ने महिला को मारी टक्कर, गंभीर
अंबाला सिटी। हरियाणा रोडवेज की बस ने वीरवार को खैरा बस स्टैंड के नजदीक पीर बाबा पर माथा टेकने जा रही बुजुर्ग महिला जसवंत कौर (54) को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गई। हादसे के बाद वहां लोगों का जमावड़ा लग गया। एक व्यक्ति ने अपनी गाड़ी से महिला को इलाज के लिए चौड़मस्तपुर स्थित सीएचसी में दाखिल करवाया। घटना से रोषित ग्रामीणों ने ड्राइवर को मौके पर ही पकड़ कर पुलिस को सूचित कर दिया। जानकारी के अनुसार वीरवार को नई निहारसी के एक रोडवेज कर्मचारी की रिटारमेंट थी। इसके चलते रोडवेज कर्मचारी उसे बस में बिठाकर उसके गांव नई निहारसी छोड़ने गए थे। वापसी के समय जैसे ही बस खैरा स्टैंड पर पहुंची तो सामने से आ रही महिला को टक्कर मार दी। महिला को जख्मी हालत में साथ के अस्पताल चौड़मस्तपुर की सीएचसी में भर्ती करवाया गया।