बिहार जा रहे यात्री को टिकट का झांसा देकर 12 रुपये हजार ठगे
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से ठगी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वीरवार को कैंट रेलवे स्टेशन पर चंडीगढ़ से बिहार जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए बिहार निवासी यात्री नात्थूनी कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। नात्थूनी ने बताया कि वह चंडीगढ़ में एक कारखाने में काम करता है और उसकी बहन की आगामी दिनों में शादी है, इसके चलते वह बिहार जा रहा था।
उसने बताया कि कैंट स्टेशन पर उसे एक यात्री मिला। बताया कि उसने भी बिहार जाना है। इसी बीच उसने उसे ट्रेन में कंफर्म सीट दिलाने का झांसा दिया। व्यक्ति ने नात्थूनी को कहा कि उसका जीजा रेलवे में टीटीई है और कंफर्म टिकट उसे बाजार से मिल जाएगी। इसके बाद वह दोनों सदर बाजार में आ गए। नात्थूनी ने बताया कि वह जब बाजार में पहुंचा तो व्यक्ति ने उसे अपना बैग दिया और कहा कि बैग में उसके कपड़े व कीमती सामान है। उसने कहा कि टिकट बुक कराने के लिए उसे पैसों की जरूरत है। इसपर नात्थूनी ने उसे 12 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद व्यक्ति एक बिल्डिंग के निकट से आगे चला गया। करीब पंद्रह मिनट तक वह वापस नहीं लौटा तो उसे शक हुआ। फिर उसने आगे जाकर देखा तो व्यक्ति उसे कहीं नहीं मिला। नात्थूनी ने जब बैग खोला तो उसमें कपड़े और चादर निकली। इसी तरह की ठगी की दो वारदातें पहले भी सामने आ चुकी हैं। ठग रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को कंफर्म सीट दिलाने का झांसा देकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।