अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़ (अंबाला)। शहर के बीचो-बीच स्थित बस अडडे के साथ लगते हुडा मैदान में बुधवार की देर सायं मिली अधजली लाश की प्राथमिक तौर पर पहचान नमन जोशी (29) निवासी नारायणगढ़ के रूप में हुई है। शव की हालत को देखते हुए पुलिस ने फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हेतू मुलाना मेडिकल कॉलेज में भेज दिया है। बताया जाता है कि पुलिस इसका डीएनए भी सुरक्षित रखेगी, ताकि शव पर दावा करने वालों से इसकी जांच की जा सके।
जानकारी मुताबिक बस स्टैंड के साथ लगते हुडा के सुनसान मैदान से बुधवार की देर सायं एक अधजली लाश मिली थी। पुलिस चौकी से मात्र कुछ दूरी पर मिली इस अधजली लाश के साथ एक अधजला स्कूटर भी बरामद हुआ था। खबर लगते ही पुलिस के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र के लोग भी मौके पर जुट गए। अंधेरा अधिक होने व बुरी तरह जल जाने के कारण शव की शिनात नहीं हो पाई थी। हालांकि पुलिस ने शव को मौके से उठवा कर मोर्चरी में रखवा दिया था। वीरवार की सुबह स्कूटर के चैसी नंबर व आसपास मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शव की पहचान नमन जोशी के तौर पर की है। हालांकि शव को बुरी तरह नोचा भी गया था। अंदाजा लगाया जा रहा है कि जलने के बाद शव को जानवरों ने नोच लिया होगा। पुलिस ने वीरवार को शव की पूरे तौर पर शिनाख्त करने व पोस्टमार्टम करवाने के लिए शव मुलाना मेडिकल कालेज भिजवा दिया है।
चौकी प्रभारी रामबिलास के मुताबिक शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, साथ ही कोशिश होगी कि डीएनए टेस्ट भी करवाएं ताकि शव की पहचान की पुष्टि हो सके।