नारायणगढ़ (अंबाला)। क्षेत्र के कालाआंब की शिवालिक कॉलोनी में घर में बने पानी के टैंक में गिरकर डूबने से एक महिला की मौत हो गई। घटना वीरवार सुबह करीब 8 बजे की है। इस दौरान महिला का पति बेटे को स्कूल छोड़ने गया हुआ था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मालूम होगा कि महिला की मौत किस कारण से हुई है।
रोहित कुमार ने बताया कि वह मूलरूप से गांव रसुलपुर का रहने वाला है। कई माह से अपनी पत्नी विम्मी उर्फ कविता व पांच साल के बेटे के साथ कालाआंब की शिवालिक कॉलोनी में अपना मकान बनाकर रह रहा है। उसने बताया कि वीरवार सुबह करीब 8 बजे वह अपने बेटे को स्कूल छोड़ने गया हुआ था। जब वह वापस आया तो पत्नी वहां नहीं थी। इस पर उसने पूरे घर में ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद पड़ोसी अशोक व अन्य इकट्ठा हो गए। उसने बताया कि घर की रसोई में पानी का टैंक बना हुआ है। उस टैंक के ऊपर मोटी प्लाई का फट्टा लगा था, पर वह वहां पर नहीं था। अंधेरा होने पर कुछ दिखाई नहीं दिया। इस पर उसका पड़ोसी टार्च लेकर आया और टैंक के अंदर देखा तो सभी हक्के-बक्के रह गए। टैंक में कविता का चेहरा पानी के ऊपर था और शरीर तैर रहा था। इस पर उन्होंने सीडी लगाकर कविता को बाहर निकाल कर उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने महिला के परिजनों को बुलाया
घटना के बाद पुलिस ने यमुनानगर निवासी कविता के माता-पिता को बुलाया, लेकिन उन्होंने किसी तरह की कोई शिकायत नहीं दी। इसके बाद पुलिस ने 174 की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि आगामी कार्रवाई पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद अमल में लाई जाएगी और मामला साफ होगा कि उसकी डूबने से मौत हुई है या अन्य किसी कारण से।
महिला की मौत की सूचना के बाद उसके परिजनों को बुलाया गया था। उन्होंने कोई शिकायत नहीं दी तो पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद की जाएगी।
- ब्रह्मपाल, कालाआंब चौकी इंचार्ज