अंबाला सिटी। पॉलिटेक्निक चौक पर मंगलवार दोपहर उस समय जमकर हंगामा हुआ जब ट्रैफिक पुलिस नाके के बाहर एक महिला और पुरुष की आपस में जमकर झड़प हुई। हालांकि बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला सुलझा दिया, लेकिन उस वक्त पुलिस की भी लापरवाही सामने तब आई जब दोनों ही वाहन चालक बिना हेल्मेट के थे और पुलिस ने दोनों में से किसी का भी चालान नहीं किया।
जानकारी के अनुसार शहर के प्रेम नगर निवासी एक महिला अपनी एक्टिवा पर सवार होकर पॉलीटेक्निक चौक के पास से निकल रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे घेल निवासी बाइक सवार एक व्यक्ति की स्कूटी के साथ टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी बीच गुस्से में आकर दोनों ने एक दूसरे के वाहन की चाबी निकाल ली और आपस में गुत्थम-गुत्थी हो गए। मौके पर मौजूद होमगार्ड ने तुरंत ट्रैफिक एसएचओ को इसकी सूचना दी। यहां पहुंचने पर ट्रैफिक एसएचओ चंद्रप्रकाश ने सेक्टर-7 चौकी प्रभारी शेर सिंह को मामले की सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को सुलझाकर दोनों को वहां से चलता किया।
माफी मांगने पर छुटी युवक की जान
पुलिस ने बताया कि उन्हें आता देख युवक मौके से भागने लगा तो उसे वहीं दबोच लिया गया। इसके बाद युवक ने महिला से माफी मांग ली थी, जिसके बाद महिला ने या युवक ने किसी प्रकार की कोई भी लिखित शिकायत उन्हें नहीं दी।
क्यों नहीं किया चालान
जिस वक्त यह घटना हुई उस वक्त दोपहर के करीब डेढ़ बज रहे थे। घटना के वक्त दोनों ही महिला या पुरुष में से किसी ने भी हेल्मेट नहीं पहना था, लेकिन पुलिस ने मामला सुलझाने के बाद भी इनमें से किसी का भी चालान काटने की जरूरत नहीं की।
मौके पर पहुंचकर मैंने सेक्टर-7 चौकी में इसकी सूचना दी। झगड़ रहे महिला-पुरुष का मामला सुलझा दिया गया था। दोनों को चौकी स्टाफ के सुपुर्द कर मैं आगे चला गया था।
- चंद्रप्रकाश, एसएचओ ट्रैफिक, अंबाला।