अंबाला कैंट। नगर निगम की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। वीरवार सुबह सात बजे सरसेहड़ी में सैर पर निकले बुजुर्ग रतन सिंह को सांड़ ने जोरदार टक्कर मारते हुए हवा में उछाल दिया। इसके बाद वह जमीन पर आ गिरे। उनके पेट, कूल्हे पर गहरी चोटें लगीं, जिस वजह से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर परिजनों व क्षेत्र के लोगों में गहरा रोष था। उनका आरोप था कि निगम को गत दिनों शिकायत करने के बावजूद भी कार्रवाई नहीं हुई है। कुछ दिन पहले ही सांड़ ने क्षेत्र में लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। वहीं, हादसे में बुजुर्ग की हुई मौत की जानकारी मिलते ही हरकत में आई निगम टीम ने दोपहर को सरसेहड़ी में पहुंचकर सांड़ को काबू कर गोशाला में पहुंचाया। इस मामले में पुलिस को भी परिजनों ने शिकायत दी है। दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया गया है।
रोजाना सैर पर जाते थे रतन सिंह
करीब 90 वर्षीय रतन सिंह रोजाना सुबह सैर पर निकलते थे। सिविल अस्पताल में मौजूद उनके भतीजे प्रमोद ने बताया कि खेतीबाड़ी करने वाले रतन सिंह वीरवार सुबह सात बजे जैसे ही सैर पर निकले तो घर से महज कुछ ही दूरी पर एक सांड़ ने को जोरदार टक्कर मारकर उछाल दिया। टक्कर लगते ही वह लहूलुहान हो गए और उन्हें कई चोटें लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने सांड़ को भगाया, जिसके बाद रतन सिंह को तुरंत कैंट सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार सदस्यों में रोष था। रतन सिंह के बेटा-बहू और दो पोते हैं। उनकी पत्नी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। अस्पताल में परिजनों ने निगम की कार्यप्रणाली को लेकर भी नाराजगी जताई, जिसके बाद इस मामले की शिकायत महेशनगर थाने में भी दी है।
सरसेहड़ी के कई लोग हुए हैं घायल
प्रमोद ने बताया कि सरसेहड़ी में इससे पहले भी सांड़ कई लोगों पर हमला बोल चुका है। गांव निवासी करीब 45 वर्षीय बलदेव सिंह, 50 वर्षीय जगीर सिंह, मैहला सिंह एवं अन्य लोगों पर भी सांड़ ने चार दिन पहले हमला किया था। इसकी शिकायत लोगों ने नगर निगम में की थी, लेकिन निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की।
जागा निगम, दोपहर तीन बजे पकड़ा सांड़
सांड़ के हमले में बुजुर्ग की मौत की जानकारी मिलते ही निगम नींद से जागा और दोपहर को ही कर्मी सांड़ को ढूंढने लग गए। सरसेहड़ी में टीम ने पहुंचते ही सांड़ को बमुश्किल काबू में लिया। इसके बाद उसे रामबाग रोड स्थित गोशाला प्रबंधन कमेटी के सुपुर्द किया गया। निगम अधिकारियों ने बताया कि उन्हें दोपहर ही मामले की जानकारी मिली थी जिसके बाद सांड़ को पकड़ा है।
निगम में नहीं लावारिस पशुओं को पकड़ने की कार्य योजना
ट्विन सिटी में लावारिस पशुओं और स्ट्रीट डॉग्स की संख्या बढ़ती जा रही है। वहीं, निगम इस पर ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। अभी बुधवार को सिटी में स्ट्रीट डॉग्स ने पांच लोगों को काट लिया। इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। लावारिस पशुओं को पकड़ने के लिए न कोई टेंडर अलॉट किया न ही विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। ऑलम यह है कि यूटीलिटी एवं जिला अदालत में मामला चलने के बावजूद भी इस पर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। इसके विपरीत कैंटोनमेंट बोर्ड ने अपने क्षेत्र में अलग से लावारिस पशुओं के लिए बाड़ा तैयार किया गया है जहां उन्हें पकड़कर रखा जा रहा है। बोर्ड टीम दिन व रात में विशेष अभियान चला रहा है। इसके अलावा स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी भी की जा रही है।
लावारिस पशुओं को लेकर कार्रवाई की जा रही है। सूचना मिलने पर पशुओं को पकड़ गोशाला पहुंचाया जा रहा है। वीरवार को घटना की जानकारी मिलते ही निगम टीम ने सरसेहड़ी में पहुंच सांड़ को पकड़ गोशाला छोड़ा है। इससे पूर्व क्षेत्रवासियों की तरफ से कोई जानकारी नहीं मिली थी। - विनोद बेनीवाल, सेनेटरी इंस्पेक्टर, नगर निगम, सदर जोन।