अंबाला सिटी। विदेश भेजने के नाम पर 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरव कुमार निवासी गांव थड़ोली (कुरुक्षेत्र) ने बताया कि वह और उसके दोस्त अमित व जोध सिंह निवासी गांव सौंटा ने विदेश भेजने का काम करने वाले हरिंद्र पाल व विजय निवासी सेक्टर-10 से संपर्क किया। उन्होंने शहर में अपना कार्यालय भी खोला हुआ है। उक्त दोनों लोगों ने उन्हें कहा कि उनमें से यदि कोई विदेश जाना चाहता है कि वे अपने दस्तावेज उनके पास जमा करवा दें। उन पर विश्वास कर उन्होंने आस्ट्रेलिया जाने की बात कही। इस पर दिसंबर 2016 में आरोपियों ने उनसे आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर करीब 16 लाख रुपये की मांग की और कहा कि कागजात वीजा इत्यादि तैयार करने के लिए उन्हें समय-समय पर रकम अदा करनी होगी। इसके बाद आरोपी उन्हें वीजा लगने का झांसा देते रहे और दिसंबर 2016 से अप्रैल 2019 तक अलग अलग किश्तों में करीब 16 लाख रुपये ले लिए।
थमा दी टिकट, वीजा के लिए लटकाया
आरोपियों ने उन्हें असली पासपोर्ट के साथ एयर इंडिया की दिल्ली से सिडनी (आस्ट्रेलिया) की एयर टिकट 16 अप्रैल 2019 की दी और कहा कि दिन 15 अप्रैल 2019 को उनके पास आकर अपना वीजा ले जाना। जब वे तय तारीख को उसके पास पहुंचे तो उन्होंने उससे कहा कि उनका काम नहीं हो पाया। जिस पर उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें तीन चेक अलग-अलग तारीख के दिए, जोकि बाउंस हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।