अंबाला कैंट। टांगरी नदी के बांध पर नये बने रोड को रात को कुछ लोगों ने उखाड़ दिया। जिससे सड़क पर कई फुट गहरा गड्ढा हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारी पहुंचे। उनके आते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। विभाग के एसडीओ रितेश अग्रवाल ने मामले की शिकायत महेशनगर थाना पुलिस को दी, जिस पर पुलिस ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने एवं अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान होने पर उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें अब न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
शिकायत में एसडीओ रितेश अग्रवाल ने शिकायत में कहा कि नन्हेड़ा रेलवे क्रासिंग के निकट कुछ अज्ञात लोगों ने टांगरी बांध पर नई बनी रोड को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है। रोड पर गड्ढे कर दिए गए हैं। इस दौरान यहां से अंडर ग्राउंड बिजली की लाइट का कनेक्शन भी कट गया। सूचना मिलते ही महेशनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच छानबीन की। इस दौरान क्षेत्रवासी श्याम लाल और दो अन्य को पुलिस ने हिरासत में लिया। इस दौरान पता चला कि पानी की पाइप लाइन डालने के लिए यह गड्ढे रोड पर किए जा रहे थे। पुलिस गश्त रोड पर रात्रि के समय नहीं है। यदि रात्रि के समय इस रोड पर पुलिस गश्त हो तो क्षेत्र में सुरक्षा मजबूत होगी और रात को रोड को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकेगा।
होने लगे रोड पर अभी से कब्जे
बता दें कि टांगरी बांध पर नये रोड बनते ही रोड के साथ टांगरी के प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध निर्माण धड़ल्ले से आरंभ हो चुके हैं। एक नहीं कई स्थानों पर अवैध निर्माण हो रहे हैं। निगम अधिकारियों को मामले की शिकायत के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। आलम यह है कि निर्माण सामग्री अब नई रोड के ऊपर रखी जा रही है जिस कारण रोड भी कई स्थानों से अभी से ही जर्जर होने लगी है। मामले को लेकर सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी एवं नगर निगम अधिकारी कार्रवाई करने के बजाए एक दूसरे पर बात को टाल रहे हैं।
हमें जानकारी मिली थी नई बनाई गई रोड को नन्हेड़ा साइड की ओर से नुकसान पहुंचाया गया है। मौके पर देखा जिसके बाद पाया गया रोड को खोदा गया था। इसके बाद मामले की शिकायत महेशनगर थाने में की गई।
- रितेश अग्रवाल, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी, अंबाला।