हत्या के मामले में सीआईए ग्रामीण ने कार्रवाई करते हुए गांव आसरा खेड़ी थाना नुक्कड़ जिला सहारनपुर निवासी अमित कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में संलिप्त चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
शिकायतकर्ता रमेश कुमार निवासी गांव खानपुर ब्राह्मणा थाना पंजोखरा ने 19 जुलाई को थाना पंजोखरा में शिकायत दर्ज करवाई थी कि आरोपी विकास, हरनीप, मनीष कुमार, कृष्ण व राजेश निवासी खानपुर ब्राह्मणा थाना पंजोखरा ने 19 जुलाई को उसके 26 वर्षीय चचेरे भाई दीपक निवासी गांव खानपुर ब्राह्मणा थाना पंजोखरा की पिस्टल से फायर करते हुए हत्या कर दी है। इस शिकायत पर मामला दर्ज कर मामले की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक नरेन्द्र सिंह इंचार्ज सीआईए नारायणगढ़ की अगुवाई में टीम का गठन किया गया था। टीम ने छापेमारी करते हुए 21 जुलाई को आरोपियों अतुल उर्फ चिन्ना व हरनीप कुमार उर्फ निपु को गिरफ्तार कर दो दिन का रिमांड पर लिया था। आरोपियों ने रिमांड के दौरान कबूल किया कि चारों आरोपियों ने लगभग डेढ़ महीना पहले दीपक कुमार को मारने की योजना बनाई थी। जिसमें चारों आरोपियों ने पैसे इकट्ठा करके एक देसी कट्टा 315 बोर खरीदने की योजना बनाई। अतुल ने अपने सह आरोपी अमित कुमार गांव आसरा खेड़ी तहसील गंगोह जिला सहारनपुर से एक देसी कट्टा 315 बोर व दो कारतूस खरीदकर हरनीप उर्फ निपु को दिए। योजनाबद्ध तरीके से हरनीप उर्फ निपु व अतुल ने खेतों में काम करने गए हुए दीपक की गोली मार कर हत्या कर दी।