बराड़ा। एंटी करप्शन टीम का सदस्य बताकर लोगों को लूटने के गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। मुलाना में घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने कुरुक्षेत्र में वेश्यावृत्ति करने वाली महिलाओं के यहां रेड डालकर पैसे ऐंठे। हालांकि शक होने पर उन्होंने बाकी पैसे 25 जुलाई को देने को कहा। इसी दौरान उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर शनिवार को बराड़ा में आरोपियों के ठिकानों पर पुलिस ने दबिश दी। इस मामले में कुरुक्षेत्र व बराड़ा पुलिस संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही है।
बता दें कि एंटी करप्शन कार्यालय बराड़ा के जसवंत सिंह का था, जिसके साथ माम राज, सोनू, कमलेश, प्रोमिला व सागर सहित कई लोग काम करते थे। यहीं पर बैठकर ये ग्राहक पर जाल बुन उससे पैसे हड़पने की साजिश रचते थे। हालांकि मुलाना में केस दर्ज होने के बाद इन्होंने कार्यालय से एंटी करप्शन का साइन बोर्ड हटा दिया था, लेकिन इनका रेड मारकर लोगों से पैसे ऐंठने का धंधा जारी रहा। बराड़ा की रहने वाली प्रोमिला, कमलेश, सोनू, चालक माम राज व सागर ने कुरुक्षेत्र के बाहरी मोहल्ला में जाकर वेश्यावृत्ति करने वाली महिलाओं के यहां रेड की। इसके बाद कहा कि अगर वह उनकी सेवा पानी करते हैं तो वह उनको छोड़ सकते हैं। इसके बाद करीब 50 हजार पर बात बनी। हालांकि उन्होंने मौके पर तीन हजार नकदी व सोने की बालियां दे दी, लेकिन उन्हें इनके नकली होने की आशंका हो गई। इसके बाद उन्होंने कहा कि वह 25 जुलाई को वादे के अनुसार बाकी रकम लेने आएंगे। उन्होंने इस संबंध में कुरुक्षेत्र सिटी पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पैसे लेने पहुंचे तो महिला पुलिस के बताए प्लान पर विधवा महिला ने पैसे लेने के लिए प्रोमिला व उसके साथियों को दर्राखेड़ा में बुलाया, जहां पर सादी वर्दी में खड़ी पुलिस ने रेड कर दी। इस दौरान प्रोमिला को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि बाकी आरोपी वहां से फरार हो गए। वहीं सब इंस्पेक्टर राज कुमार ने बताया कि दूसरी जगह से इन्होंने एक लाख रुपये की राशि लेनी तय की थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 385, 419 व 420 धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुलाना थाने में दर्ज हुआ था केस
एंटी करप्शन के पूर्व प्रधान जसवंत सिंह व उसके साथियों पर एक दर्जी से सट्टा लगाने के नाम पर जेल भेजने की धमकी देते हुए 17 हजार रुपये हड़पने का मामला दर्ज है। यह मामला 20 जून को दर्ज हुआ था। बता दें कि शिकायतकर्ता रणजीत सिंह निवासी साहलेपुर ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी दोसड़का चौक पर दर्जी की दुकान है। वह कभी-कभार सट्टे की पर्ची ले लेता है। शिकायत के अनुसार 20 जून को रात साढ़े 9 बजे उसकी दुकान पर जसवंत राणा व उसके साथ तीन महिलाएं आईं। जसवंत ने स्वयं को एंटी करप्शन का जिला प्रधान बताते हुए रणजीत को उसके साथ जाने के लिए कहा। जब रणजीत ने मना किया तो जसवंत व तीनों महिलाओं ने जबरदस्ती रणजीत को गाड़ी में बिठाकर बराड़ा स्थित अपने कार्यालय में ले गए। यहां उन्होंने रणजीत को डराना धमकाना शुरू कर दिया। रणजीत के अनुसार उन्होंने सट्टा लगाने के नाम पर जेल भेजने की धमकी, जिससे वह घबरा गया। रणजीत को घबराता देख जसवंत राणा, साथी ड्राइवर व तीनों महिलाओं ने उससे जेल जाने से बचाने के नाम पर 15 हजार ले लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने रणजीत के एटीएम कार्ड का कोड पता कर उससे भी 2 हजार रुपये निकाल लिए। जिसके बाद उन्होंने रणजीत को छोड़ दिया।
रणजीत से करवाए हस्ताक्षर
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने रणजीत को अगले दिन फिर अपने कार्यालय बुलाया व एक कागज पर रणजीत के हस्ताक्षर करवाकर किसी को भी बात बताने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। तबसे प्रधान जसवंत सिंह व उसके साथी फरार बताए जा रहे हैं। मुलाना पुलिस इस मामले में किसी भी आरोपी को पकड़ नहीं पाई, जबकि कुरुक्षेत्र पुलिस ने एंटी करप्शन टीम के पांच सदस्यों पर मामला दर्ज कर एक महिला को गिरफ्तार कर लिया, जिसको कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया। प्रोमिला के द्वारा आरोपियों के बताए ठिकानों पर कुरुक्षेत्र पुलिस ने बराड़ा पुलिस को साथ लेकर कमलेश, सोनू, चालक माम राज व सागर के आवास पर छापामार कार्रवाई की। हालांकि पुलिस को कोई आरोपी नहीं मिला। देर शाम तक पुलिस की रेड जारी रही।
दो जिलों की पुलिस को है जसवंत की तलाश
कुछ माह में ही बराड़ा में खुले एंटी करप्शन कार्यालय के प्रधान जसवंत सिंह राणा की टीम ने कई वारदात को अंजाम देकर लोगों से ठगी की। अपने आप को करप्शन खत्म करने का काम करने वाला यह गिरोह खुद करप्शन करता हुआ पुलिस के हाथों चढ़ गया। अब इस टीम को दो जिलों की पुलिस तलाश कर रही है। कुरुक्षेत्र पुलिस तो एक आरोपी को पकड़ भी चुकी है लेकिन अंबाला की मुलाना पुलिस अभी तक आरोपियों के गिरेबान तक नही पहुंच पाई।
रणजीत सिंह की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस रेड कर रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
- हरभजन सिंह, थाना प्रभारी, मुलाना।