कैंट विधानसभा से बसपा प्रत्याशी राजेश चनालिया पर मंगलवार को तीन युवकों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने चनालिया पर तलवारों से कई वार किए। इसी वजह से वह जख्मी हो गए। पीठ व हाथ पर गहरे जख्म बताए जा रहे हैं। प्रत्याशी पर हमले के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल खुद घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में वे नागरिक अस्पताल में जख्मी चनालिया से भी मुलाकात करने पहुंचे। अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने चनालिया के बयान केस दर्ज कर लिया है। बसपा के अंबाला लोकसभा प्रभारी प्रकाश पाखी ने प्रत्याशी पर हुए हमले के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराया है।
पोस्टर बांटकर लौट रहे थे वापस
बसपा प्रत्याशी राजेश चनालिया पर हमला मंगलवार शाम को अति सुरक्षित एरिया सेना अस्पताल के पास तब हुआ जब वह किसी को पोस्टर बांटकर चालक के साथ गाड़ी में सवार होकर लौट रहे थे। बीच रास्ते में एक बाइक सवार युवक ने रुकने का इशारा किया। चनालिया का आरोप है कि गाड़ी रोकने के बाद जब वह बाइक सवार से मिलने के लिए बाहर निकले पीछे आए दो युवकों ने उस पर हमला कर दिया। उसने बताया कि हमलावरों ने उसकी पीठ पर तलवारों से कई वार किए।
पुलिस की ओर से चनालिया को एक गनमैन उपलब्ध करवाया गया था। दो दिन से उसकी तबीयत खराब चल रही थी। इसी वजह से चनालिया ने उसे घर भेज दिया। चनालिया ने अपने गनमैन को घर भेजे जाने की सूचना किसी पुलिस अधिकारी को नहीं दी। हालांकि हमले से कुछ घंटे पहले ही उसने पुलिस को दूसरा गनमैन उपलब्ध करवाने की बात कही थी। दूसरा गनमैन चनालिया के ऑफिस में उनका इंतजार करता रहा। इतने में पीछे से उस पर हमला हो गया। पुलिस ने कहा कि चनालिया की लापरवाही से ही हमला हुआ है। बसपा प्रत्याशी पर हमले के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आ गई। खुद पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल घटनास्थल पर पहुंचे। एसएचओ नरेंद्र राणा भी जख्मी चनालिया को लेकर मौके पर पहुंचे थे। बसपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि एसएचओ उनके प्रत्याशी का उपचार करवाए बिना ही उसे मौके पर ले गया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए।
बसपा के अंबाला लोकसभा प्रभारी प्रकाश पाखी ने उनकी पार्टी के उम्मीदवार पर हुए हमले के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है।
बसपा प्रत्याशी पर हुए हमले की गंभीरता से जांच हो रही है। बयान दर्ज करने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। चनालिया को पुलिस की ओर से गनमैन उपलब्ध करवाया था। पर उसने किसी को बताए बिना उसे छुट्टी दे दी। हमले पहले ही उसने दूसरे गनमैन की डिमांड की जो पूरी कर दी गई थी। हमले के दौरान गनमैन उसका ऑफिस में इंतजार कर रहा था। पुलिस की ओर से हर प्रत्याशी को सुरक्षा उपलब्ध करवाई गई है।
अभिषेक जोरवाल, एसपी, अंबाला