अंबाला। मारपीट की शिकायत पर डेहा कॉलोनी में आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस के साथ आरोपी ने न केवल दुर्व्यवहार किया बल्कि उनके साथ मारपीट भी की। पुलिसकर्मियों से मारपीट की शिकायत के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बड़ी संख्या में पुलिस बल देखकर कॉलोनी के लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार महिला की शिकायत पर हाउसिंग बोर्ड चौकी से जब हवलदार मोहन व दो अन्य पुलिस मुलाजिम डेहा कॉलोनी पहुंचे तो मौके पर मौजूद आरोपी अनूप ने पुलिस कर्मियों से दुर्व्यवहार करते हुए उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। हाउसिंग बोर्ड इंचार्ज सुरेश कुमार ने बताया कि अनूप की भाभी ने मारपीट की शिकायत दी थी। इसकी जांच के लिए हवलदार मोहन दो अन्य मुलाजिम के साथ मौके पर पहुंचे थे। अनूप ने उनके साथ हाथापाई की। पुलिस कर्मियों से हाथापाई के मामले में अनूप के खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।