अंबाला। अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे स्थित मोहड़ा चौकी के पास रन-वे रेस्तरां में देररात बदमाशों ने तेजधार हथियार से जहां शैफ की बाजू व सिर पर हमला कर लहूलुहान कर दिया, वहीं सुपरवाइजर को घायल कर दिया। बताया जाता है कि रनवे रेस्तरां में अंबाला शहर की एक पार्टी द्वारा शादी की सालगिरह पर 44 लोगों के खाने की बुकिंग करवाई गई थी लेकिन 88 लोग वहां पहुंच गए और करीब 80 लोगों ने खाना खाया। जैसे ही स्टाफ सदस्यों ने पार्टी से पैसे मांगे तो उन्होंने महज 44 लोगों के ही पैसे देने की बात कही। अभी बात की चल रही थी कि कार्यक्रम में करनाल से आए कुछ युवकों ने गुस्से में आकर तेजधार हथियारों से स्टाफ पर हमला कर दिया।
खून से लथपथ शैफ व सुपरवाइजर को देखकर हमलावर मौके से फरार हो गए । जबकि बुकिंग करवाने वाली पार्टी भी बिना पैसे दिए लौट गए। घायलों को आदेश अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां रजत के सिर पर आठ टांके व बाजू पर गहरी चोट आने पर चंडीगढ़ रेफर कर दिया। जबकि सुपरवाइजर रोशनलाल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सूचना मिलते ही मोहड़ा व शाहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। मैनेजर अत्री ने बताया कि बुकिंग पर प्लेट के हिसाब यानी 750 रुपये की हुई थी। ज्यादा लोग आने पर प्लेट बढ़ा दी गई थी। उसकी पैसे मांगने पर ही हमला कर दिया।