अंबाला। सुभाष पार्क के बाहर खड़ी युवती पर रविवार सुबह एक युवक ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया। पता चला है कि युवती पहले ही किसी युवक के साथ बाइक लेकर खड़ी हुई थी। तभी अचानक एक युवक हाथ में चाकू लेकर आया और उस पर हमला कर सुभाष पार्क में घुस गया। राहगीरों ने जब उसे चाकू मारते हुए देखा तो उसे काबू करने का प्रयास किया गया लेकिन आरोपी फरार होने में कामयाब रहा। हालांकि हाथ पर चाकू लगने से घायल युवती अपने साथी के साथ मौके से चली गई। उपचार के लिए वह न तो नागरिक अस्पताल में पहुंची न ही उसकी ओर से पुलिस को शिकायत दी गई। स्थानीय लोगों का कहना था कि युवती काफी घबराई हुई थी। एसएचओ कैंट विजय कुमार का कहना था कि उनके संज्ञान में कोई मामला नहीं आया है। अगर कोई शिकायत आती है तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।