अंबाला सिटी। छेड़छाड़ का विरोध कर रही नाबालिग को बचाने आए भाई सूरज को चाकू घोंप दिया गया। शुक्रवार देर रात की घटना के समय युवती करियाने की दुकान गए भाई से कुछ और सामान लाने को कहने जा रही थी। विशु ने उसका हाथ पकड़ा तो सहयोगी टक्कर ने उसे पीटना शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव करने आए भाई पर हमला किया गया। परिवार के आते ही आरोपी धमकी देकर मौके से भाग गए। घायल को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में उससे धारदार हथियार से चोट लगने की पुष्टि की गई। कोतवाली थाने में पोक्सो व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।
केस के अनुसार आठवीं पास पीड़िता घरेलू काम करती है। शाम करीब साढ़े सात बजे की घटना के समय सूरज करियाने की दुकान पर सामान लेने गया था। वह उसे और सामान बताने जा रही थी। विशु ने उसकी कमीज में हाथ डाला तो दूसरे ने पीटना शुरू कर दिया। एसआई शांति देवी के अनुसार पोक्सो एक्ट के केस में पीड़िता का कोविड टेस्ट कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कोर्ट में 164 के बयान दर्ज कराए जाएंगे।