पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों से बातचीत करते हुए पुलिस कर्मी।
- फोटो : Ambala
नारायणगढ़। बड़ागांव में हुई चाकुओं से गोदकर हुई हेम सिंह की हत्या के मामले में नारायणगढ़ पुलिस ने पकड़े गए पांचों आरोपियों को कोरोना टेस्ट के बाद कोर्ट में पेश किया। यहां से कोर्ट के आदेशानुसार उन्हें 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। थाना प्रभारी गुरमेल सिंह ने बताया कि हेम सिंह हत्याकांड में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांच हत्या आरोपियों को सोमवार की रात को गिरफ्तार कर लिया था। इसमें नरपत व उसका लड़का कर्मपाल उर्फ मोनू, चोहल सिंह, रणजौर सिंह और रणदीप निवासी बड़ागांव शामिल है। रिमांड के दौरान पांचों से इस हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद करने के साथ-साथ मामले से जुड़ी अन्य जानकारी हासिल की जाएगी। वहीं दूसरी गमगीन माहौल में हेम सिंह का अंतिम संस्कार किया गया।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कुछ हिरासत में लिए...
इस मामले में परमाल, हैप्पी और हुसनपाल अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे हैं। आरोपियों को काबू करने के लिए पुलिस ने कई जगह दबिश भी दी और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया लेकिन आरोपी दूसरे दिन भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए थे। बता दें कि पूरा विवाद गाय की खरीद को लेकर हुआ था। आरोपी परमाल हेमसिंह की गाय देखने आया था। इस पर रोहित ने कहा दिया था कि यह गाय खरीदना तुम्हारे बस की बात नहीं। इसी को लेकर गुस्साए आरोपियों ने वारदात को अंजाम देते हुए हेम सिंह, उसके बेटे रोहित और भतीजे रविंद्र को चाकुओं से गोद दिया था।
भतीजे की हालत स्थिर, बेटा की हालत नाजुक
इस मामले में मृतक हेम सिंह के भतीजे रविंद्र की हालत स्थिर है और वह शहर नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन है। लेकिन पीजीआई-32 में मृतक का बेटा रोहित जिंदगी और मौत की जंग लड़ चुका है। उसका एक आपरेशन हो चुका है और अभी एक और होना है। बताया जा रहा है कि अभी उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।