अंबाला। टांगरी बांध स्थित कबीरनगर के पास दो गुटों में जमकर पथराव हुआ। हालांकि पथराव में किसी को चोट नहीं लगी। मामले की भनक लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिर भी दोनों गुटों में गाली गलौज के बाद ईंट-पत्थर चलते रहे। देर रात ही दोनों गुटों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई। अभी तक पुलिस ने किसी के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया है। सोमवार को दोनों गुटों को तलब किया गया है। इसके बाद ही कार्रवाई की बात की है। मौके पर पुलिस की कई जिप्सियां पहुंच गई थी।
पता चला है कि पास ही पड़ोस में गांजा तस्करी का काम होता है। यहां किन्नरों के क्वार्टर में रहने वाला एक युवक किसी से गांजा लेने गया था। किसी बात को लेकर उसकी तस्कर से बहस हो गई। पता चला है कि तस्कर ने सहयोगियों के साथ मिलकर युवक की धुनाई कर दी। इसके बाद युवक भी अपने कुछ साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंच गया। तभी किन्नर भी वहां आ गए। बहस के बाद दोनों गुटों में पथराव शुरू हो गया। जमकर एक दूसरे पर पत्थर बरसाए गए। पूरे एरिया में सड़क पर ईंट-पत्थर ही बिखर गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। मगर खुद को बचाने के चक्कर में पुलिस ने किसी को भी पथराव से नहीं रोका। एसएचओ कैंट विजय कुमार ने बताया कि अभी मामले की जांच चल रही है। जिसका भी कसूर मिलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।