मुलाना। पुरातन शिव मंदिर में अल सुबह मंदिर का दानपात्र तोड़ नकदी चुराते दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ा है। इनमें से एक युवक भागने में सफल हो गया। दूसरे युवक को ग्रामीणों ने मंदिर के पिलर से बांध दिया और मुलाना पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पकड़े गए युवक से कट्टे में भरे रुपये भी बरामद हुए है।
बीती देर रात दो युवक मंदिर में घुसे और सरिए से दान पात्र तोड़ने में जुट गए। दानपात्र तोड़ने में युवकों को कई घंटे का समय लगा। इसी दौरान सुबह हो गई। ग्रामीण पूजा अर्चना करने मंदिर में आने लगे। ग्रामीणों ने देखा कि युवक दानपात्र से नकदी निकाल रहे थे। ग्रामीणों ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। इसी दौरान एक युवक ग्रामीणों को चकमा देकर फरार हो गया। सूचना मंदिर कमेटी को दी। जांच अधिकारी सीताराम ने बताया कि वह आज कोर्ट में व्यस्त हैं। थाने जाकर मामले की कार्रवाई की जाएगी ।
कई बार दानपात्र तोड़ चुराई गई है नकदी
शिव मंदिर में चोरी की यह घटना पहली नहीं है। इस से पहले भी कई बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। चोरी की शिकायत पुलिस को भी सौंपी गई लेकिन हमेशा पुलिस के हाथ खाली रहे। लेकिन बीती रात मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोर ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए। पकड़ा गया युवक नशाखोर बताया जा रहा है।