अंबाला। गाय का मांस लादकर पंचकूला से सहारनपुर जा रही महिंद्रा पिकअप ने सड़क पर आई गाय को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुरी तरह से घायल हुई गाय ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। हादसा होते ही पिकअप बंद हो गई। आरोपी चालक अपने साथियों के साथ अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
साहा के राधा स्वामी सत्संग भवन के पास रहने वाले राकेश शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 अगस्त को रात 11 बजे वह अपने दोस्त शिविश वशिष्ठ व कंवरदीप लखीवाल के साथ महमूदपुर गांव से साहा लौट रहा था। तभी उन्हें सूचना मिली कि गाय के मांस से लदी एक महिंद्रा पिकअप पंचकूला की ओर से सहारनपुर जा रही है। थोड़ी देर बाद ही एक महिंद्रा पिकअप ने सड़क पार कर रही एक गाय को लापरवाही से टक्कर मार दी। गाड़ी चालक काफी दूर तक गाय को घसीटते हुए अपने साथ ले गया। टक्कर लगने के कारण गाय की मौके पर ही मौत हो गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि इसके बाद उन्होंने गाड़ी का पीछा किया। तब अंधेरे का फायदा उठाकर दो लोग खेतों में गायब हो गए। जांच के दौरान गाड़ी से खून टपकता मिला। बाद में अंदर देखने पर उसमें गाय का मांस भरा होने का पता चला है। किसी को शक न हो इसलिए आरोपियों ने पिछले डाले पर फट्टे लगाए हुए थे और ऊपर से गाड़ी पर तिरपाल ढकी हुई थी। गाड़ी को देखकर देर रात को ही मौके पर काफी लोग जमा हो गए थे।