अंबाला। छावनी के बीसी बाजार स्थित एक किराये के मकान में रह रहे 48 वर्षीय सेना में नायक दीपक कुमार ने अज्ञात कारणों के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बाथरूम में नहाने के लिए गए जवान ने अंदर ही फंदा लगा लिया। जैसे ही पत्नी ने पति को फंदे से लटका देखा तो उसके होश उड़ गए। जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज सुनकर कमरे में पहुंचे पड़ोसियों ने महिला को संभाला और इलाका पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छावनी नागरिक अस्पताल की मोर्चरी रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया जाता है कि फौजी दीपक कुमार मूलरूप से केरल के रहने वाले थे। बीसी बाजार में पत्नी व दो बेटियों के साथ किराये के मकान में रह रहे थे। मृतक कारगिल में कार्यरत था और करीब डेढ़ माह की छुट्टी पर आया हुआ था। पुलिस के मुताबिक जवान के पास से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिल पाया है।