शहजादपुर। धनाना स्थित एक्सिस बैंक के ताले तोड़कर चोरों ने स्ट्रांग रूम में रखी सेफ को गैस कटर से तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि सेफ न टूटने के कारण उसमें रखा कैश बच गया। चोर बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी शहजादपुर व सीआईए इंचार्ज नारायणगढ़ ने वारदात से संबंधित तथ्य जुटाए।
बैंक के मैनेजर विनोद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को वह बैंक बंद कर चले गए थे। सुबह सूचना मिली कि बैंक का शटर खुला हुआ है। मौके पर पहुंचे तो देखा कि स्ट्रांग रूम के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखी सेफ को भी तोड़ने का प्रयास किया गया था। उन्होंने बताया कि बैंक में रखे सभी दस्तावेज व सेफ में रखा कैश बच गया है। थाना प्रभारी शहजादपुर देवेंद्र सिंह ने वारदात की पुष्टि करते हुए कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है और मौके से वारदात से संबंधित सभी तथ्य जुटाए गए हैं। जिन्होंने कहा कि बैंक में रखा सारा सामान व दस्तावेज बच गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस जल्द ही चोरों को काबू कर लेगी। बता दें कि एक दिन पहले इसी तरह ज्वैलर्स की दुकान में गैस कटर से तिजोरी को काटकर लाखों के गहने चोरी कर लिए गए थे।
crime- फोटो : Ambala