शादी लौटे बेटे के सिर पर पिता ने मारी तलवार, तीन टांके आए
अंबाला। छावनी के रामपुर में घरेलू कलह के चलते पुलिस से रिटायर्ड पिता ने अपने ही बेटे स्वर्ण सिंह पर तलवार से हमला कर दिया। मारपीट में बेटे के माथा लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इस बीच पिता मौके से फरार हो गया। अन्य परिजन व्यक्ति को उपचार के लिए छावनी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने माथे पर गहरा घाव होने के कारण टांके लगाए।
अस्पताल से इलाका पुलिस को सूचित कर दिया गया। घायल स्वर्ण सिंह का कहना था कि कुछ दिनों से पिता के संग घरेलू कलह चल रहा था। रविवार को वह डेराबसी अपने ससुराल के अंदर शादी में गया हुआ था। जैसे ही वह वहां से लौटा तो पिता ने बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों में हाथापाई हुई तो पिता ने अंदर से तलवार लाकर सीधा सिर पर मार दी। गनीमत यह रही कि सिर पर पगड़ी बंधी हुई थी, वरना चोट ज्यादा लग जाती।