दस दिन चोरी के केस में 10 दिन पहले जमानत पर छूटा घास मंडी का जतिन उर्फ जानू नहीं सुधरा। तीन झपटमारी और दो एक्टिवा चोरी कर भूमिगत हो गया। कोतवाली थाने में दर्ज तमाम केसों में चौकी नंबर तीन पुलिस ने सफलता हासिल की। आर्य चौक पर उसे चोरी की बाइक समेत काबू कर लिया। निशानदेही पर दूसरी एक्टिवा बरामद करने के बाद शुक्रवार को कोर्ट से उसे एक दिन के रिमांड पर लिया ताकि स्नेचिंग के मामलों में रिकवरी की जा सके। नशे की लत पूरी करने के लिए जानू ने घास मंडी में दो तथा टीबी अस्पताल के सामने एक महिला का पर्स झपट लिया था।
घटना के बाद मुखबिरों व सीसीटीवी फुटेज और भुक्तभोगियों को दिखाये फोटो से जानू पर संदेह हुआ। छापामारी की तो वह घर से गायब मिला। नाकाबंदी कर उसे रंगे हाथ दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने सभी वारदातें कबूल ली।
चौकी इंचार्ज एएसआई नवतेज के अनुसार 14 जून की रात पटेल रोड वासी गौतम के घर के बाहर तथा 17 को इसी रोड से शालीमार कॉलोनी के मनीष की एक्टिवा चोरी तथा घास मंडी से अनिल कुमार व उसके दोस्त से मोबाइल और पर्स स्नेचिंग तथा टीबी अस्पताल में पर्स स्नेचिंग की घटनाओं में जतिन उर्फ जानू से कुछ रिकवरी कर ली गई है और कुछ रिमांड में कर ली जाएगी।