कैंटोनमेंट बोर्ड के वाइस प्रेसिडेंट अजय बवेजा की शिकायत पर आखिरकार पुलिस ने सिया वाटिका मैरिज पैलेस के मालिक शोभित अग्रवाल व अनीता अग्रवाल के खिलाफ पुलिस ने चोरी व सामान खुर्दबुर्द करने का केस दर्ज किया है। पुलिस को शोभित अग्रवाल की ओर से भी शिकायत दी गई थी। उधर, केस दर्ज होने के बाद शोभित अग्रवाल ने कहा कि पुलिस ने सियासी दबाव में यह कार्रवाई की है। दरअसल, अजय बवेजा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 8 साल से सिया वाटिका में मैनेजर व कैटरिंग का काम देख रहा था। पिछले कुछ समय से उसका शोभित अग्रवाल व अनिता अग्रवाल से लेने देने का विवाद चल रहा था। उसका आरोप था कि शोभित व अनीता उसका पैसा देना नहीं चाह रहे थे। इसी वजह से उन्होंने 8 जून को उसे लीगल नोटिस भेज दिया। इसके जरिये बताया कि उन्होंने मैरिज पैलेस बंद कर दिया है।
गुंडों से गायब करवाने के आरोप
बवेजा का आरोप है कि अनीता ने उसे धमकी दी थी कि अगर वह यहां दिखा तो उसे गुंडों से गायब करवा दूंगी। बवेजा ने शिकायत में मालिकों से 95-96 लाख रुपये लेने की भी बात कही थी। साथ ही पैलेस के भीतर बने ऑफिस से जरूरी सामान व दस्तावेज भी गायब होने के आरोप लगाए थे। परिवादी ने शोभित व अनीता पर बाउंसरों से धमकाने के भी आरोप लगाए। इसी आधार पर अब पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है। केस दर्ज होने पर शोभित ने बेहद हैरानी जताई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की है। बवेजा के दबाव में पुलिस ने उनके खिलाफ झूठा केस दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई को लेकर वह चुनौती देंगे। पैलेस के मालिक होते हुए हमारे खिलाफ ही केस दर्ज कर दिया गया यह बेहद हैरानगी वाली कार्रवाई है।