जिले में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों के परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या के आरोप लगाए हैं। लेकिन पुलिस अभी कुछ भी स्पष्ट बोलने से इंकार कर रही है। साहा के खानपुर में रहने वाली 55 वर्षीय चरणजीत कौर संदिग्ध परिस्थितियों में घर में मृत पाई गई। परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि अंतिम संस्कार तक की सभी तैयारियां कर ली गई थी और उन्हें सूचना भी नहीं दी गई। इसी तरह नारायणगढ़ में गांव पंजालसा में 35 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतक के चाचा ने सुसराल पक्ष पर लड़की को फांसी देकर हत्या करने के आरोप लगाए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार गांव पंजलासा की कुसुमलता पत्नी विनोद कुमार जो संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। गांव ठरवा जिला पंचकूला के कर्मचंद ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसकी भतीजी कुसुम के गले पर निशान है। उसके सुसराल पक्ष ने लड़की को फांसी पर लटका कर हत्या की है।
भाई-भतीजे ने लगाए हत्या के आरोप
वहीं दूसरी और साहा के गांव खानपुर की फौजी की पत्नी चरणजीत कौर के भाई चरणजीत सिंह और भतीजे गुरमुख ने आरोप लगाया कि हमें हमारी दूसरी बहन ने फोन कर सूचना दी थी कि बहन चरणजीत कौर मृत पाई गई है। सूचना मिलते ही दोनों पंजाब के पटियाला जिले के महमा झुलकान से गांव में पहुंचे तो शव को लेकर परिजन संस्कार की तैयारियों में जुटे थे। इसके बाद उन्होंने मौके पर पुलिस को सूचना दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन के पास कुछ जमीन है। इसी जमीनी विवाद में उनकी बहन की हत्या की गई है। दोनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि पहले भी उनकी बहन के साथ झगड़े होते रहते थे। हालांकि पुलिस हार्ट अटैक से मौत होना मान रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए छावनी अस्पताल में रखवा दिया गया है।
--------------------------
महिला के शरीर पर किसी भी प्रकार के कोई भी निशान नहीं हैं। हालांकि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
चंद्रभान, एसएचओ, साहा।
---------------
अभी फिलहाल 174 की कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आने के बाद अगामी कार्रवाई की जाएगी।
जय गोपाल, जांच अधिकारी, थाना नारायणगढ़।