बंगाली मोहल्ला निवासी भाजपा की पूर्व पार्षद पुष्पा वैश के घर पर शुक्रवार देररात पड़ोस में रहने वाले एक परिवार ने पुरानी रंजिश के चलते पथराव कर दिया। पार्षद की बेटी नेहा जब बाथरूम से बाहर निकली तो उन्होंने उसके ऊपर भी ईंट और पत्थर बरसाने शुरू कर दिये। जब इसकी भनक लगने पर पार्षद का बेटा अजय बाहर आया तो हमलावरों ने उस पर भी तेजधार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। घायल भाई-बहन को उपचार के लिए छावनी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमले में नेहा के सिर और अजय की बाजू पर गंभीर चोट लगी है। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने नेहा की हालत गंभीर होने पर चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। हमलावारों ने पथराव कर घर के शीशे, सामान और बाहर खड़ी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
हमलवरों ने पुलिस के समक्ष भी जमकर काटा बवाल
सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावरों ने अपने घर के अंदर से उनके समक्ष भी जमकर बवाल काटा। इस बीच पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने एक महिला सहित पांचों हमलावरों को काबू किया। जांच अधिकारी जय भगवान ने हमलावर वर्षीय ऋषभ, जतिन, विनस, किशोर कुमार और जगदीप को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घायल नेहा ने बताया कि हमलावर उनके घर के बिल्कुल सामने मकान में रहते हैं। काफी समय से वह कभी गाली-गलौच को कभी झगड़ा करते थे। उनका बाथरूम घर से बाहर है और शुक्रवार को वह भाभी को बाथरूम में लेकर गई थी। तभी अचानक उन्होंने ईंटें बरसा दी।