गांव रौलों में गुरमेज हत्याकांड का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि ठीक पांच दिन बाद उसके भांजे पर नकाबपोशों द्वारा तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने छावनी के विकासपुरी निवासी 21 वर्षीय जगदीप उर्फ जग्गी की आंखों में पहले लाल मिर्च का पाउडर डाला और फिर तेजधार हथियार से गोदने के बाद सिर पर डंडे से वार किया। गनीमत यह रही कि पास खड़े लोगों को बीच-बचाव करने के लिये आता देखकर हमलावर मौके से फरार हो गये। लहूलुहान हालत में जगदीप को उपचार के लिए छावनी के नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद वह खुद शिकायत लेकर महेश नगर थाने पहुंचा। घायल जगदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक बाइक पर तीन युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर आये थे। सोनिया कॉलोनी के पास हमलावरों ने जगदीप की बाइक को रुकवाकर नकाबपोश युवकों ने हमला कर दिया। आंखों में मिर्ची पाउडर गिरने के कारण वह हमलावरों को पहचान नहीं पाया। पुलिस ने मौके का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी। बता दें कि पांच दिन पहले जगदीप के मामा गुरमेज की भी भतीजे व उसके परिवार के सदस्यों ने मिलकर हत्या कर दी थी। अभी तक उस मामले में भी सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
मेरे संज्ञान में मामला नहीं है। अगर ऐसा है तो जांच की जाएगी।
रामकुमार, डीएसपी, अंबाला छावनी