पंजाब की तरफ से आ रहे अवैध शराब से भरे एक ट्रक को अंबाला पुलिस के मुस्तैद कर्मचारियों ने पीछा करने के बाद काबू किया। अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक चालक व क्लीनर मौके से फरार हो गये। पुलिस ने जब ट्रक की जांच की तो इसके अंदर से 2963 बोतल शराब देशी मार्का पंजाब रसीला संतरा बरामद हुई।
जांच अधिकारी एसआई राजकुुमार ने बताया कि वह कैदियों की एस्कॉर्ट अंबाला में बतौर जनरल ड्यूटी तैनात है। उसकी ड्यूटी भारत लॉक डाउन कोरोना वायरस के संबंध में नाका टी प्वाइंट दुखेडी मोड़ मोहड़ा अंडर ब्रिज में लगी हुई है। 10/11 अप्रैल की रात ड्यूटी शिफ्ट पर साथी कर्मचारी ईएचसी पवन कुमार, एसपीओ विलोम, गुरनाम सिंह व संजीव कुमार के साथ नाका पर मौजूद था। आने जाने वाले वाहनों को बेरिकेड्स लगाकर चैक कर रहा था। रात लगभग 10 बजे एक ट्रक अंबाला कैंट की तरफ से आता हुआ दिखाई दिया। ट्रक को रूकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने तेज रफ्तार से बेरिकेट्स को टक्कर मारकर ट्रक निकाल लिया।
ट्रक का पीछा कर मोहड़ा के पास किया काबू
जांच अधिकारी ने तुरंत मामले की जानकारी पड़ाव प्रभारी को दी। फिर अन्य कर्मचारियों के साथ अपनी गाड़ी में ही ट्रक का पीछा किया। गांव मोहड़ा के पास ट्रक का टायर फट गया और वह गोहर के पास फंस गया। इस कारण ट्रक से शराब की कुछ पेटियां भी नीचे गिर गईं। शोर सुनते ही गांव में ठीकरी पहरा दे रहे लोग भी मौके पर पहुंच गए। अंधेरे का फायदा उठाते हुए ट्रक चालक व क्लीनर मौके से फरार हो गए।