महिला के खाते से 27 हजार रुपये साफ करने के आरोप में पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। अब पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। तंदवाल की सीमा रानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके अंकल विक्रम के पास 30 जनवरी को एक फोन आया था। फोन करने वाला व्यक्ति बोला कि वह गुड़गांव से बोल रहा है लेकिन मेरे अंकल को उसकी आवाज नहीं सुनाई दी। बार-बार फोन आते रहे लेकिन बात स्पष्ट नहीं सुनाई दी। उसने बताया कि इसके बाद उसके अंकल ने रिश्तेदार का नाम लिया कि आप वो तो नहीं बोल रहे हो। वह बोला हां मैने एक फौजी से पैसे लेने हैं। वह आपको गूगल पे करेगा। तो मेरे अंकल विक्रम ने कहा कि उसके पास कोई गूगल या ऑनलाइन सुविधा नहीं है। इसके बाद कॉल करने वाला बोला कि आप किसी परिवार वाले का नंबर दे दो तो अंकल ने मेरा नंबर दे दिया। पैसे भेजने के लिए उसने मेरा कोड ले लिया। सीमा का आरोप है कि इसके बाद उसके बैंक खाते से पहले 20 हजार रुपये व बाद में सात हजार रुपये साफ हो गए। इसके बाद ही हमें पता चल गया कि फोन करने वाला कोई फ्रॉड था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।