दहेज उत्पीड़न के केस में पानीपत कोर्ट में पेशी पर आए गांव हुमांयुपुर वासी सचिन बंसल व उनके पिता विनोद बंसल को जान से मारने की धमकी दी गई। सचिन की पत्नी सरूति, ससुर मुकेश गुप्ता, सास सुनिता गुप्ता व साले शुभम पर सुपारी देने के भी आरोप लगाते हुए आगामी पेशी पर सुरक्षा मांगी गई है। 21 नवंबर को एसपी अंबाला को दी गई शिकायत की जांच के बाद सोमवार नग्गल थाने में धारा 506 के तहत केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई। सचिन के अनुसार सरूचि द्वारा कराया गया मामला पानीपत कोर्ट में विचाराधीन हैं। 5 नवंबर की पेशी के दौरान वकील ने अपने चैंबर में उन्हें बताया कि ससुराल वालों ने उनके पीछे गुंडे लगा रखे हैं। यदि जल्द नहीं गए तो वह उन्हें जान से मार देंगे। जब वे बाहर निकले तो मुकेश गुुप्ता व शुभम उनके पीछे देसी कट्टा लेकर आए। सचिन व उसके पिता किसी तरीके से बचकर निकलने में कामयाब हो गए। आरोपियों के साथ मौजूद एक सहयोगी तो उनके पीछे बस में कट्टा लेकर चढ़ा लेकिन घरौंडा बस स्टैंड पर उतर गया। उसके बाद फोन पर धमकी मिली कि अगली बार कोर्ट में आए तो बचेंगे नहीं। उसके बाद सरूचि के फोन से उसके मौसा को फोन कर सुलह के लिए 30 लाख रुपये मांगे गए। परिवार को जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की गई।