दरबार साहिब के प्रांगण में आकांक्षा ठाकुर द्वारा नाच और गाना गाकर सिखों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में बुधवार को एक शिकायत पुलिस को दी गई है। सिखों की मानें तो हरमंदिर साहिब के प्रांगण में ऐसा करना पूरी तरह गुनाह है। तोपखाना के यूथ खालसा वेलफेयर संगठन की ओर से दी गई शिकायत में बताया गया कि अमृतसर स्थित दरबार साहिब में हर रोज करीब 18 घंटे कीर्तन चलता है। रोज यहां देश विदेश से लाखों लोग नतमस्तक होते हैं। आकांक्षा ठाकुर ने दरबार साहिब के प्रांगण में नाचकर एक टिकटॉक वीडियो बनाई है। जोकि अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। संगठन के हरजाप सिंह व सतवंत सिंह ने कहा कि दरबार साहिब के प्रांगण में ऐसा करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। फिर भी आकांक्षा ठाकुर ने ऐसा कर सिखों की धार्मिक भावनाओं आहत किया है। पुलिस अभी मामले की जांच करने की बात कह रही है।