पुलिस ने सूचना के आधार पर बपोली मार्ग पर नाकाबंदी कर शहजादपुर पुलिस ने 12 पेटी 144 बोतल अवैध देसी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाई शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार शहजादपुर पुलिस की टीम गस्त पर थी कि टीम जब पुलिस थाना शहजादपुर के साथ लगते बपोली मार्ग पर पहुंची तो टीम को गुप्त सूचना मिली कि शहजादपुर निवासी कृष्ण अवैध शराब बेचने का धंधा करता है। वह अपनी गाड़ी में चंडीगढ़ की तरफ से शराब लेकर आ रहा है और बपोली की तरफ जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बपोली मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान शहजादपुर की तरफ से एक गाड़ी आती दिखाई दी जिसको पुलिस टीम ने रुकवाकर चालक को काबू किया और पूछताछ की तो उसने अपना नाम शहजादपुर निवासी कृष्ण बताया। पुलिस टीम ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से 12 पेटी 144 बोतल देसी शराब बरामद हुई।