अंबाला सिटी। गांव भुड़ंगपुर गुरुद्वारे के 34 वर्षीय पाठी का मुंह काला कर और गले में जूतों की माला डालकर गांव में घुमाने का वीडियो वायरल होने के बाद भी पुलिस ने फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की है। दूसरी ओर गांव की पंचायत में समझौते के बाद मामले को दबाने के प्रयास किये जा रहे हैं। हालांकि इस मामले से जुड़ा दूसरा वीडियो जिसमें पाठी की काली करतूत कैद हो चुकी हैं वह अभी तक पुलिस रिकवर नहीं कर पाई है। ऐसे में यदि यह वीडियो किसी गलत हाथों में लग गया तो महिलाओं के साथ ब्लैकमेलिंग होने का खतरा बढ़ जाएगा। इससे पहले पाठी की काली करतूत गुरुद्वारे की घड़ी में लगे कैमरे में रिकार्ड हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार आरोपी 10 साल से गुरुद्वारे का पाठी था। शाम को छह-सात बजे तक गुरुद्वारे में रहता था और रात को पंजाब स्थित अपने गांव में चला जाता था। आरोप है कि वह गुरुद्वारे में काम करता था। जब ग्रामीणों को इस बारे में पता चला तो उन्होंने पाठी की काली करतूतों के खुलासा करने की योजना बनाई। इसके तहत उन्होंने उपहार स्वरूप एक घड़ी भेंट की जिसमें कैमरा लगा था।
इसमें पाठी की करतूत रिकार्ड होने के बाद सोमवार को पंजाब के दो गांव की पंचायत भी गांव भुड़ंगपुर में पहुंची थी। इन पंचायतों के सदस्यों के समक्ष ग्रामीणों ने यह वीडियो दिखाई। इससे पहले सुबह करीब साढ़े 6 बजे गुरुद्वारा साहिब की पांच सदस्यीय कमेटी के समक्ष पाठी की काली करतूतों की वीडियो पेश की गई। कमेटी के सामने बाबा ने माफी मांगी। वीडियो देखने के बाद ग्रामीणों की मांग पर कमेटी ने आरोपी को चप्पलों की माला गले में डालकर और मुंह काला कर गांव में घुमाने का निर्णय सुनाया था।
वायरल वीडियो में बाबा मांग रहा है माफी
पंचायत और उसके निर्णय से लेकर बाबा को पूरे गांव में जिस तरह से घुमाया गया, उसकी वीडियो वायरल हो चुकी है। इस वीडियो में बाबा (पाठी) पहले अपनी करतूत कबूलता है। फिर हाथ जोड़कर माफी मांगता है। फिर गांव के युवा उसका मुंह काला कर जूतों का हार गले में डालते हैं और पाखंडी बाबा मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए गांव की गली-गली में घुमाते हैं।
इस मामले से जुड़ी वीडियो कमेटी को सौंप दी गई है। किसी को ब्लैकमेल नहीं होने दिया जाएगा।
बलजीत सिंह, सरपंच प्रतिनिधि
रोजनामचे में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वायरल वीडियो के बारे में सूचना मिली थी, लेकिन हमें किसी ने न तो इस मामले से जुड़ी वीडियो दी और न ही कोई शिकायतकर्ता सामने आया है। यदि कोई शिकायतकर्ता आता है तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी।
--धर्मबीर, नग्गल थाना इंचार्ज।