अंबाला सिटी। करवा चौथ के व्रत से एक दिन पहले बाजारों में रौनक बढ़ गई है। महिलाएं व्रत के लिए थाली लेने और व्रत का अन्य सामान लेने पहुंच रही हैं। मेहंदी के मनमोहक छापे महिलाओं की पसंद बने हैं। मेहंदी लगाने के लिए भी बाजारों में जगह- जगह टेंट लगाए हैं। महिलाओं को थ्रीडी मेहंदी के लिए अधिक उत्साह दिख रहा है। इसी प्रकार फोटो वाली थाली भी महिलाओं को काफी पसंद आ रही है।
बाजार में 300 रुपये से 2100 रुपये तक मेहंदी के डिजाइन बनाए जा रहे हैं। त्योहार को देखते हुए बाजार में सरगी के सामान की मांग भी अधिक बढ़ गई है। इससे फल और मिठाइयों के दाम भी बढ़ गए हैं। महिलाओं की भीड़ देखते हुए मेहंदी लगाने वाले दुकानदारों ने अन्य कारीगरों को भी काम पर लगाया है, जिससे कि समय रहते मेहंदी लगाने का कार्य पूरा हो जाए। हाथों के साथ- साथ महिलाएं पैरों पर भी मेहंदी लगाती नजर आईं।
थ्री डी डिजाइन का क्रेज अधिक
मेहंदी कारीगत विक्रम ने बताया कि बाजार में कई तरह के डिजाइन चलन में है लेकिन आज कल थ्री डी डिजाइन अधिक चलन में है। इस डिजाइन के लिए बाजार में 1100 रुपये से शुरू होकर 2100 रुपये तक के डिजाइन उपलब्ध हैं। इसके साथ ही दुल्हा- दुल्हन का जोड़ा और पालकी का डिजाइन भी खूब चलन में है। इसके लिए 1500 रुपये से लेकर 2100 रुपये तक लिए जा रहे हैं। वहीं सामान्य डिजाइन के लिए दुकानदार 250 रुपये से लेकर 300 रुपये ले रहे हैं। हाथों के साथ- साथ कई महिलाएं अपने पैरों पर भी मेहंदी लगवाना पसंद करती है। पैरों के लिए सामान्य डिजाइन के लिए 500 रुपये और थ्रीडी डिजाइन के लिए 1000 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक लिए जा रहे हैं।
फोटो वाली थाली का चलन अधिक
बीते वर्ष की तरह इस वर्ष भी फोटो वाली थाली का अधिक चलन है। गिफ्ट गैलरी संचालक सागर ठाकुर ने बताया कि अधिकतर दंपति इस प्रकार के थाली सेट बनवाने के लिए पहुंच रहे हैं। ये सेट 800 रुपये से शुरू होकर 1200 रुपये तक उपलब्ध है। वहीं साधारण थाली सेट भी 200 रुपये से लेकर 300 रुपये तक बिक रहे हैं। ये प्रिंट सेट लंबे समय तक टिके रहते हैं। इसलिए आजकल दंपति इन्ही को पसंद कर रहे हैं।
बाजारों में बढ़ गई राैनक
छावनी के बाजारों में भी महिलाओं की रौनक दिखाई दी। छावनी के बजाजा बाजार में लाइन लगाकर महिलाएं मेहंदी लगवाती नजर आईं। यहां भी कई घंटों तक महिलाओं को मेहंदी लगवाने के लिए इंतजार करना पड़ा। इसके साथ ही मिट्टी का करवा 50 रुपये से लेकर 100 रुपये तक का बिक रहा है। तो वहीं छलनी के दामों में भी उछाल देखने को मिला है। बाजार में छलनी का दाम 50 रुपये से लेकर 70 रुपये तक और स्पेशल थाली 250 रुपये से लेकर 300 रुपये में बिक रही है। जिसमें लौटा, छलनी और थाली मिल रही है।
मिठाई, फल और नारियल के दाम भी बढ़े
करवाचौथ के लिए सरगी का सामान लेने के लिए छावनी के हलवाई बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। ग्राहकों की भीड़ के कारण आधा घंटे तक लोगों को मिठाई और मट्ठी लेने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं त्योहार के चलते फलों के दामों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बाजार में केला 120 रुपये दर्जन तो वहीं सेब 80 से 120 रुपये प्रति किलो बिक रहे है। नारियल के दाम भी बढ़ गए हैं। नारियल सामान्य दिनों में 50 रुपये का मिलता था। इन दिनों वही नारियल 70 से लेकर 80 रुपये तक बिक रहा है।