त्योहारों पर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में भीड़ बढ़ने लगी है। वहीं रेलवे ने भीड़ पर नियंत्रण करने के लिए योजना बनाकर कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके लिए पूरे देश में करीब 200 टीमों का गठन किया गया है। रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक पैसेंजर मार्केटिंग नीरज शर्मा ने सभी जोनल महाप्रबंधकों व मंडल रेल प्रबंधकों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि वो अपने-अपने सेक्शन में विशेष चेकिंग अभियान चलाएंगे और बिना टिकट या नियमों के खिलाफ ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों पर शिकंजा कसेंगे।
इस दौरान ऐसे यात्रियों पर भी नजर रखी जाए जो रेलवे पास या फिर रेलवे के कोटे के तहत ट्रेनों में सफर करते पाए जाएंगे। उनसे प्रत्येक जानकारी एकत्रित की जाएगी कि उन्होंने रेलवे का यह कोटा किससे और क्यों लिया है, क्या उनका कोई परिजन रेलवे में है या फिर किसी परिचित से आग्रह के बाद टिकट कंफर्म करवाई है। यह कार्रवाई रेलवे द्वारा 20 अक्तूबर से आरंभ कर दी गई है जो 27 नवंबर तक लगातार जारी रहेगी। इसकी एक रिपोर्ट तैयार करके चार दिसंबर तक रेलवे मुख्यालय में जमा करवानी होगी, ताकि रिपोर्ट का आकलन किया जा सके।
अधिकारी करेंगे निगरानी
विशेष चेकिंग अभियान की निगरानी के लिए रेलवे के उच्चाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर जाकर और ट्रेनों में सफर करके रिपोर्ट तैयार करेंगे और चेकिंग टीम से भी मंत्रणा करेंगे। इस पूरी कार्रवाई के दौरान आरपीएफ की भी मदद ली जाएगी। नियमों की अवहेलना करते हुए जो यात्री पकड़े जाएंगे, उनसे मौके पर ही जुर्माना वसूला जाएगा। अगर वो जुर्माना नहीं जमा करवाएंगे तो उन्हें जेल की हवा खानी पड़ेगी।
अंबाला मंडल की टीमें तैयार
रेलवे बोर्ड से निर्देश मिलते ही अंबाला रेल मंडल के वाणिज्य विभाग ने इस संबंध में तैयारी शुरू कर दी है। अलग-अलग रेल सेक्शन अंबाला-लुधियाना, अंबाला-पटियाला, अंबाला-चंडीगढ़, कालका व शिमला, अंबाला-धूरी व बठिंडा सहित अन्य सभी सेक्शनों पर टीमों को तैनात किया जाएगा जो कि लगातार छापामारी करते हुए बिना टिकट यात्रियों की धर पकड़ करेंगी। वहीं कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में प्लेटफार्म टिकट के रेट में भी वृद्धि हो सकती है।
रेलवे बोर्ड से निर्देश प्राप्त हुए हैं कि त्योहारों के दिनों में ट्रेनों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाए, ताकि बिना टिकट यात्रियों और नियमों के खिलाफ ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की धर पकड़ की जा सके और उनसे जुर्माना वसूला जा सके। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। लगभग 100 से अधिक कर्मचारियों को अलग-अलग सेक्शन पर तैनात किया गया है। इसमें आरपीएफ की मदद ली जाएगी।
-नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला रेल मंडल।