अंबाला। जिले में बेसहारा गोवंशों की गली-मोहल्लों सहित हाईवे पर संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। अंबाला-जगाधरी हाईवे स्थित गांधी मैदान के निकट रविवार को दो बेसहारा गोवंश आपस में भिड़ गए। करीब आधा घंटे तक दोनों पशु आपस में भिड़ते हुए हाईवे के बीच में आ गए। कई चौपहिया वाहन इनकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।
इतना ही नहीं कई दोपहिया वाहन चालक इनकी चपेट में आकर घायल होने से बाल-बाल बच गए। हाईवे का यातायात भी पूरी तरह से प्रभावित हो गया था। कुछ लोगों ने डंडे लेकर उन्हें भगाने का प्रयास भी किया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इस संबंध में कई लोगों ने नगर परिषद कार्यालय के अधिकारियों से संपर्क किया तो उन्होंने यह बोलकर पल्ला झाड़ लिया कि गोशालाओं में जगह तो है नहीं, ऐसे में उन्हें पकड़कर कहां पर छोड़े।
उल्लेखनीय है कि जगह की कमी के कारण बेसहारा गोवंश को गोशाला में शिफ्ट कराना नगर परिषद के लिए सिर दर्द बन गया है। गोशाला संचालकों ने गोवंश लेने से हाथ खड़े कर दिए हैं, जिसके बाद से नगर परिषद के अधिकारी बेबस हो चुके हैं। नगर परिषद के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर विनोद बेनीवाल ने बताया कि अंबाला कैंट में रामबाग एकमात्र गोशाला है। उन्होंने भी गोवंश रखने से मना कर दिया है। अब मुलाना स्थित एक गोशाला संचालक से बातचीत चल रही है। जल्द बेसहारा गोवंश पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा।