संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को करनाल के डॉ. मंगल सेन ऑडिटोरियम से वीसी के माध्यम से प्रदेश में 2000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि से 175 विकास परियोजनाओं को लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसी कड़ी में अंबाला में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा तैयार की गई तीन भूमि परीक्षण प्रयोगशालाओं का उद्घाटन किया।
यहां आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया। जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता व नगराधीश मुंकद ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिले में तीन नई भूमि परीक्षण प्रयोगशालाओं का किसानों को फायदा मिलेगा। किसानों को इस विषय के लिए जागरूक करने के लिए आवश्यकता हैं। विभाग कैंप लगाकर किसानों को विस्तार से जानकारी दें।
मंडल भूमि संरक्षक अंकित कुमार नेे बताया एक-एक सूक्ष्म भूमि परीक्षण प्रयोगशाला नई अनाज मंडी अंबाला छावनी व नई अनाज मंडी बराड़ा व एक भूमि परीक्षण प्रयोगशाला मुलाना में बनाई गई हैं। पहले जिले में चार भूमि परीक्षण प्रयोगशालाएं थी। अब इनकी संख्या सात हो गई हैं। बड़ी भूमि परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से प्रतिदिन लगभग सौ भूमि के सैंपल के टेस्ट तथा सूक्ष्म भूमि परीक्षण प्रयोगशालाओं में 15-15 सैंपल को टेस्ट किए जा सकते हैं।
अभी तक जिले में हर खेत स्वस्थ्य खेत स्कीम के तहत भूमि परीक्षण प्रयोगशालाओं के माध्यम से 81 हजार सैंपल लिए गए है। जिनमें से 24 हजार नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इस मौके पर मेयर शक्तिरानी शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त सचिन गुप्ता, नगराधीश मुकंद, उपनिदेशक गिरीश नागपाल, मंडल भूमि संरक्षक अंकित कुमार, डीआईओ अरविंद्रजीत सिंह आदि मौजूद रहे।