अंबाला। टांगरी नदी का पानी बेशक कॉलोनियो से उतर गया है, लेकिन इस पानी के निशान अभी भी मकान की दीवारों और गलियों में नजर आ रहे हैं, वहीं गलियां भी अब गाद से अटी पड़ी हैं।
लोगों ने अपने घरों को साफ करने का काम शुरु कर दिया है जबकि वार्ड की गलियों को साफ करने की जिम्मेदारी पार्षदों ने उठाई है। शनिवार को वार्ड नंबर 10 के पार्षद रमन छतवाल सहित नगर परिषद के सफाई कर्मचारी एक योद्धा के रूप में गाद से अटी गलियों में उतरे।
इस दौरान उन्होंने गाद की सफाई के लिए अग्निशमन विभाग की भी मदद ली। अग्निशमन वाहन में लगे पाइप के साथ उन्होंने पानी डाला और सफाई कर्मचारियों की मदद से कीचड़ को साफ किया ताकि बदबू और बीमारी न फैले। यह कार्य सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक जारी रहा। हालांकि अभी भी कुछ गलियों में सफाई का काम रह गया था जोकि रविवार को भी जारी रहेगा। संवाद