अंबाला। पिलखनी से साहनेवाल तक तैयार किया गए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कारपोरेशन लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) के 182 किमी रेलवे मार्ग का शुभारंभ मंगलवार 12 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
इसके अलावा इस कॉरिडोर पर तैयार किए गए 14 नए स्टेशनों की सौगात भी मिलेगी। वहीं यात्रियों की सुविधा को देखते हुए अजमेर से दिल्ली तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार भी चंडीगढ़ तक हो जाएगा। इसके अलावा एक स्टेशन एक उत्पाद के तहत अंबाला कैंट सहित अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्टाल आरंभ किए जाएंगे। उक्त जानकारी रविवार को अंबाला मंडल रेल प्रबंधक मंदीप सिंह भाटिया ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मंगलवार को रेलवे से जुड़ी 85 हजार 457 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें अंबाला मंडल की सबसे प्रमुख परियोजना डीएफसीसीआईएल का कॉरिडोर भी शामिल है। इसके अलावा न्यू खुर्जा से साहनेवाल तक बनने वाले रेलवे फ्रेट कॉरिडोर पर 11 हजार 859 करोड़ रुपये खर्च होंगे जोकि 401 किमी लंबा रेल सेक्शन है।
55.22 करोड़ रुपये खर्च
सहारनपुर के पास पिलखनी से पंजाब के साहनेवाल तक तैयार किए गए डीएफसीसीआईएल कॉरिडोर की पर 5522.31 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसमें सिविल वर्क पर 2650.31 करोड़, बिजली और सिग्नल सिस्टम पर 932 करोड़, रेलवे ओवर व अंडरब्रिज के निर्माण पर 510 करोड़ और भूमि अधिग्रहण पर 1430 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
अंबाला मंडल के अधीन तैयार परियोजनाएं
अंबाला मंडल के अधीन तैयार किए नए रेलवे स्टेशनों और कार्गाे टर्मिनल की सौगात भी प्रधानमंत्री देंगे। इसमें न्यू सराय बंजारा रेलवे स्टेशन और कार्गाे टर्मिनल, न्यू बराड़ा, न्यू दराजपुर, न्यू दुखेड़ी, न्यू जगाधरी वर्कशॉप, न्यू कलानौर, न्यू केसरी, न्यू सराय बंजारा जंक्शन, न्यू शंभू, न्यू पिलखनी, न्यू मंडी गोबिंदगढ़, न्यू अंबाला सिटी, न्यू सरहिंद रेलवे स्टेशन और कार्गो टर्मिनल शामिल है। इसी प्रकार न्यू पिलखनी स्टेशन पर गुड्स शेड, कोली में गुड्स शेड, न्यू खन्ना में गुड्स शेड और न्यू मंडी गोबिंदगढ़ और शेखा में गुड्स शेड की सौगात मिलेगी। जबकि राजपुरा-बठिंडा रेल सेक्शन पर बरनाला-हडिया और नाभा में डबल लाइन की सौगात मिलेगी।
एक स्टेशन एक उत्पाद की सुविधा
अंबाला मंंडल के रेलवे स्टेशनों पर एक स्टेशन एक उत्पाद के तहत स्टाल शुरु होंगे। इसकी सौगात भी प्रधानमंत्री द्वारा दी जाएगी। इसमें अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन सहित सरहिंद, चंडीगढ़, बठिंडा, पटियाला, राजपुरा, सहारनपुर, शिमला स्टेशन शामिल हैं।