अंबाला सिटी। शहर में संपत्ति कर आईडी को सत्यापित करने के लिए निगम ने चुनाव के बाद फिर तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार से निगम कर्मचारी सभी 20 वार्ड में घर-घर जाएंगे और आईडी को सत्यापित करने का कार्य करेंगे।
इसके लिए 50 कर्मचारियों की टीम बनाई है। इसके साथ ही नगर निगम कार्यालय में भी कर्मचारियों आईडी को सत्यापित करने का कार्य करेंगे। बीते अप्रैल माह में भी आईडी सत्यापित करने के लिए निगम कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई थी। उस दौरान कुल एक लाख 23 हजार 260 में से महज 21 हजार 479 आईडी ही सत्यापित हो पाई थी। अब बची 1 लाख 1781 आईडी को शत-प्रतिशत सत्यापित करने के लिए निगम ने फिर से अपनी कमर कस ली है।
दरअसल, शहर में ज्यादातर लोगों की संपत्ति कर आईडी में नाम, वर्गगज, पता, मोबाइल नंबर जैसी गलतियां की गई है। इन गलतियों के कारण लोगों को निगम के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। यही नहीं इसका असर यह भी पड़ रहा है कि लोग अपनी संपत्ति को खरीद और बेच भी नहीं पा रहे हैं। पहले भी निगम ने कई बार संपत्ति कर आईडी को दुरुस्त करने के लिए शिविर लगाए, लेकिन ज्यादातर लोगों की आईडी में अब भी गलतियां हैं। जिससे अब निगम लोगों के घर-घर जाकर आईडी ठीक करेगा।
सभी 20 वार्डों में होगी एक-एक टीम
शहर में नगर निगम के अंतर्गत 20 वार्ड हैं। इन 20 वार्ड में 50 कर्मचारियों की टीम बनाई गई है। हर वार्ड के लिए एक टीम बनाई गई है। यह टीम घर-घर आईडी को सत्यापित करेगी। अगर संपत्ति कर आईडी में नाम, पता, मोबाइल नंबर, वर्ग गज जैसी कोई गलती नहीं होगी तो कर्मचारी मौके पर ही इस आईडी को सत्यापित करेंगे। अगर आईडी में कोई गलती होगी तो कर्मचारी ऐसे लोगों को नगर निगम कार्यालय में भेजेंगे। यहां संपत्ति कर शाखा में कर्मचारी लोगों की संपत्ति कर आईडी को रजिस्ट्री व अन्य कागजात देखकर ठीक करेंगे। निगम ने शत-प्रतिशत आईडी को सत्यापित करने का लक्ष्य रखा है।
अप्रैल में लक्ष्य नहीं कर पाया था निगम
बीते अप्रैल माह में नगर निगम ने शहर की कुल संपत्ति कर आईडी में से 35 फीसदी आईडी को सत्यापित करने का लक्ष्य रखा था। बाकायदा निगम कर्मचारियों की ड्यूटी भी इस कार्य में लगी थी। निगम कर्मचारियों ने घर-घर इस कार्य को किया था, लेकिन पूरे माह कार्य करने के बाद भी 21 हजार 479 आईडी ही सत्यापित हो पाई थी। तब निगम ने सभी 20 वार्ड में 40 टीम बनाई थी। अब निगम आईडी को सत्यापित करने के लिए दोबारा कार्य शुरू करेगा। बुधवार को इसके लिए एक्शन प्लान भी बनाया गया।
फोटो-10
आईडी सत्यापित करने के लिए निगम की पूरी तैयारी : शेर सिंह
वर्जन
संपत्ति कर आईडी को सत्यापित करने के लिए निगम ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। शहर की शत-प्रतिशत आईडी को सत्यापित किया जाएगा। इसके लिए कर्मचारी घर-घर जाकर सत्यापन कार्य करेंगे। हर वार्ड के लिए एक टीम बनाई गई है।
शेर सिंह, इंचार्ज, संपत्ति कर शाखा।
फोटो8
निगम ने सत्यापन करने के लिए 20 टीम बनाई : अदिति
वर्जन
गुरुवार से शहर में संपत्ति कर आईडी को सत्यापित करने के लिए अभियान शुरू किया जाएगा। शहर की शत-प्रतिशत आईडी को सत्यापित करने का लक्ष्य रखा गया है। निगम ने सत्यापन करने के लिए 20 टीम बनाई हैं। जिसमें करीब 50 कर्मचारी कार्य करेंगे। यह कर्मचारी घर-घर जाकर आईडी को सत्यापित करेंगे। निगम ने पूरा एक्शन प्लान तैयार कर लिया है।
अदिति, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम।