अंबाला सिटी। जिले पर रविवार कोई नई आफत आन पड़ी। जिले में सबसे सुरक्षित ग्रीन जोन शहजादपुर में एक ही परिवार के तीन सदस्य कोरोना पॉजिटिव निकले। इनमें एक 13 साल की बच्ची, 31 साल की महिला व 30 साल का युवक शामिल हैं। महिला व पुरुष रिश्ते में देवर-भाभी हैं जबकि बच्ची इनकी भतीजी हैं। बताया जा रहा है कि युवक अपनी मां की शुगर की दवाई लेने 9 अप्रैल को पंचकूला में डाक्टर ऋषि नागपाल के पास गया था। बता दें कि डॉ. नागपाल के खिलाफ तीन दिन पहले ही स्वास्थ्य विभाग की टीम केस दर्ज करवा चुकी है। क्योंकि पंचकूला में भी एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की जानकारी डाक्टर ने बहुत देरी से दी थी। जिले में अब 11 कोरोना पॉजिटिव केस हो चुके हैं। इनमें से 3 को डिस्चार्ज कर दिया गया है।
रिपोर्ट पर संशय भी
हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने तीनों को कोरोना पॉजिटिव घोषित कर दिया है लेकिन जिस लैब से इनकी रिपोर्ट आई है उसकी रिपोर्ट पर असमंजस है। इसीलिए इन तीनों के सैंपल बीपीएस मेडिकल कालेज खानपुर सोनीपत जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की पड़ताल में हुआ था खुलासा
स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की पूछताछ में पता चला था कि डॉ. नागपाल के पास शहजादपुर का परिवार भी गया था। वहीं से सूचना मिलने के बाद अंबाला की टीम को सूचित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिवार के करीब 16 सदस्यों के सैंपल लिए थे। इनमें से तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
शहजादपुर एरिया को किया सील
वहीं दूसरी और शहजादपुर के राजपुताना मोहल्ले को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। इस परिवार के 13 सदस्य को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। जबकि जिन तीन सदस्यों को कोरोना मिला है उन्हें एमएमयू मुलाना कोविड-19 अस्पताल में आईसोलेट कर दिया गया है।
यह पंचकूला में डॉक्टर ऋषि से दवा लेने गए थे। परिवार के तीन सदस्यों को कोरोना मिला है। इन तीनों को आइसोलेट कर दिया गया है जबकि परिवार के 13 सदस्यों को होमक्वारंटीन।
-डॉ. कुलदीप सिंह, सिविल सर्जन अंबाला।