माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। कोरोना के बीच दो दिनों से मिल रही राहत भरी खबरों के बीच एक बार फिर जिले में कोरोना से होने वाली मौत का आंकड़ा बढ़ गया। जिले में शनिवार को कोरोना ने 7 लोगों की जान ली। हालांकि नए संक्रमित केस की संख्या मात्र 176 रही। लेकिन औसत भी आम दिनों के मुकाबले ज्यादा रहा। 6.18 प्रतिशत केस संक्रमित पाए गए।
कोरोना के केस कम होने के साथ-साथ जिले में पिछले दो दिनों से सैंपलिंग भी कम होने लगी है। पहले जहां औसतन 3200 लोगों की कोरोना सैंपलिंग हो रही थी वहीं पिछले दो दिनों से यह औसत अब 2400 पहुंच गई है। शनिवार को भी मात्र 2406 लोगों के ही कोरोना सैंपल लिए गए। शनिवार को 352 कोरोना संक्रमित मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। इस समय जिले में करीब 250 ऑक्सीजन बेड विभिन्न अस्पतालों में खाली हो चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में मात्र 7 मौत जिले में कोरोना से हुई लेकिन छावनी और अंबाला शहर में अलग-अलग एरिया से ही सात लोगों की मौत की पुष्टि हो गई थी। इनमें शहजादपुर, बराड़ा, मुलाना, नारायणगढ़ का कोई एरिया शामिल नहीं है। अंबाला शहर में 65 वर्षीय महिला सेक्टर सात की रहने वाली हैं तो वहीं दूसरी हुई कोरोना से मौत 49 वर्षीय महिला जंडली के प्रीत कॉलोनी की है। इसके अलावा मध्य प्रदेश की रहने वाली 60 वर्षीय महिला की मौत नागरिक अस्पताल में हुई है। सहारनपुर के रहने वाले 43 वर्षीय युवक ने कोरोना के चलते नागरिक अस्पताल में दम तोड़ दिया है। इन सभी का अंतिम संस्कार कोरोना प्रोटोकॉल के तहत शहर के रामबाग में करवाया गया है। वहीं छावनी से मिली जानकारी के अनुसार हरमिलाप नगर से 54 साल के पुरुष, तोपखाना से 70 वर्षीय महिला और रामनगर से 63 साल के बुजुर्ग की कोरोना से जान गई।
अस्पतालों में अभी भी करीब 670 मरीज लड़ रहे कोरोना से जंग
जिले के विभिन्न अस्पतालों में इस समय भी करीब 670 मरीज कोरोना से जिंदगी के लिए जंग लड़ रहे हैं। इनमें जिले के सरकारी अस्पतालों में ही करीब 225 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट और करीब 41 मरीज वेंटिलेटर के सहारे सांसे ले रहे हैं। हालांकि मुलाना मेडिकल कॉलेज में मात्र 70 मरीज ही कोरोना संक्रमित रह गए हैं। यहां करीब 140 बेड खाली हैं। लेकिन यहां कोई भी आईसीयू बेड खाली नहीं है। सभी 24 वेंटिलेटर फुल हैं। ज्यादातर प्राइवेट अस्पतालों का यही हाल है। ऑक्सीजन बेड तो खाली हैं लेकिन वेंटिलेटर बेड भरे हैं। जिले के सरकारी अस्पतालों में लगातार वेंटिलेटर की संख्या में इजाफा किया जा रहा है ताकि मरीजों की जान बचाई जा सके।
जिले में अब तक कोरोना की स्थिति
जिले में अभी तक कोरोना से 441 लोगों की जान जा चुकी है। शनिवार को 176 नए केस सामने आने के बाद अब तक 28593 संक्रमित केस हो चुके हैं। शनिवार को 352 को डिस्चार्ज करने के बाद अब तक 26449 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। इस समय जिले में 1703 एक्टिव केस रह गए हैं। पिछले कुछ दिनों से संक्रमित केस की संख्या कम होने के कारण अब रिकवरी रेट दोबारा से 92.50 प्रतिशत हो चुकी है। हालांकि मई से पहले यह 98 प्रतिशत के करीब थी। हालांकि लगातार मौत का सिलसिला जारी रहने के कारण मृत्यु दर बढ़कर 1.52 प्रतिशत तक पहुंच चकी है।
दो दिनों से घट गई वैक्सीनेशन की संख्या
जिले में पिछले दो दिनों से वैक्सीनेशन अभियान भी ठंडा हो गया है। शनिवार को मात्र 767 लोगों को ही कोरोना से बचाव का टीका लग पाया। इनमें दूसरी डोज तो मात्र 34 लोगों को ही लगी। जबकि पहली डोज 733 को लगी। इनमें 18 से 44 आयु वर्ग के मात्र 100 लोगों को टीका लगा। जबकि 45 से 60 आयुवर्ग के 236 लोगों को पहला टीका लगाया गया और 60 से अधिक आयु वर्ग के 97 लोगों को पहली डोज लगाई गई। अभी तक जिले में 390104 डोज लग चुकी हैं। इनमें से 291823 को पहला और 98281 को दोनों डोज लग चुकी हैं। पिछले दो दिनों की बात करें तो करीब 2100 को ही टीका लग पाया है।
मई में 57622 सैंपल लिए
जिले में मई माह में अब तक 200 लोगों की जान जा चुकी है। मई में 57622 सैंपल लिए गए हैं इनमें से 7736 संक्रमित मिल चुके हैं जबकि इस महीने 9212 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। जिले में इस समय 205 कंटेनमेंट जोन एक्टिव हैं। 2406 सैंपल की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। जिले में इस समय संक्रमण दर 7.59 हो चुकी है। अभी तक जिले में 379714 सैंपल लिए जा चुके हैं। अभी 1149 संक्रमित होम आइसोलेट हैं।